रामगंगा तट किनारे सजने लगा ऐतिहासिक चौबारी मेला, 100 साल पुराना है इतिहास
बरेली में रामगंगा तट पर चौबारी मेले की रौनक बढ़ने लगी है, जहां दुकानें, झूले और सर्कस लगने शुरू हो गए हैं।

HighLights
रामगंगा तट पर चौबारी मेले की रौनक बढ़ने लगी है।
झूले, सर्कस, दुकानें और घोड़ों का मेला सजने लगा।
यह 100 साल पुराना मेला 20 नवंबर से शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर से करीब पांच किमी दूर बदायूं रोड पर रामगंगा किनारे कोलाहल बढ़ गया है। दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं, झूला-चरखा, सर्कस और खेल-तमाशा वाले पहुंचने लगे हैं।
मुख्य मार्ग के दूसरी साइड में घोड़ों का मेला लगाने के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। पिछली साल मेला विलंब से शुरू हुआ था, लेकिन इस बार समय से शुरू होने के आसार दिख रहे हैं।
चौबारी मेला का इतिहास सौ साल पुराना है। यह मेला पहले पंद्रह दिन तक चलता था, सैकड़ों परिवार यहां प्रवास करते थे। कागजों में अब भी दस दिन का मेला लगाया जा रहा है, लेकिन बमुश्किल चार-पांच दिन ही भीड़ रहती है। बुजुर्ग बताते हैं कि स्नान पर्वों पर स्नान के लिए यहां भीड़ तो जुटती थी, लेकिन स्नान कर लोग वापस लौट जाते थे। पड़ोसी जिला बदायूं में विहंगम ककोड़ा मेला लगता आ रहा है।
इसमें जिले से भी बड़ी संख्या में लोग बैलगाड़ी से जाते रहे हैं। 100 साल पहले ठिरिया के भूमिधर भाइयों अल्लाबख्श और खुदाबख्श ने ककोड़ा की तरह यहां रामगंगा तट पर ही कार्तिक मास में मेला लगवाना आरंभ किया। अब स्थानीय भूमिधरों की कमेटी बनाकर मेला का आयोजन होने लगा है।
मेले में घुड़दौड़ का नजारा अब भी दिखता है। घोड़ों का नखासा में राजस्थान, कश्मीर, गुजरात, पंजाब तक के घोड़े आते रहे हैं। मेला के पूर्व प्रबंधक जयवीर सिंह बताते हैं कि मेले में मुख्य मार्ग पर ढोलक की दुकानें लगती हैं। मेला कोतवाली बनाने के साथ अधिकारियों के कैंप कार्यालय भी बनाए जा रहे हैं।
दुकानें लगने लगी हैं, स्थानीय पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। मेला में मुख्य रोड गड्ढ़ों में तब्दील है, इसलिए प्रशासन को सबसे पहले सड़क दुरुस्त करानी चाहिए।
अगर सड़क सही नहीं कराई गई तो भीड़ जुटने पर जाम के हालात बनेंगे और दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस बार मेले में रौनक जल्दी दिखाई पड़ने लगेगी। 20 नवंबर को मेला शुरू हो जाएगा। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व है, मेला 28 नवंबर तक चलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।