छठ महापर्व पर रामनगर-पाटलिपुत्र विशेष ट्रेन का फेरा बढ़ा, AC सुपरफास्ट में भी लगे अतिरिक्त कोच
रेलवे ने छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दो महत्वपूर्ण सुविधाएं बढ़ाई हैं।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
रामनगर-पाटलिपुत्र विशेष ट्रेन का एक अतिरिक्त फेरा चलाया जाएगा।
लखनऊ-नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट में छह दिन अतिरिक्त कोच।
छठ महापर्व पर यात्रियों को आरक्षित सीट मिलने में राहत।
जागरण संवाददाता, बरेली। छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो महत्वपूर्ण सुविधाएं बढ़ाई हैं। रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का एक अतिरिक्त फेरा चलाने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, लखनऊ-नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में छह दिन तक अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच लगाया जाएगा। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को आरक्षित सीट मिलने में राहत मिलने की आस जताई जा रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 05080 रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक त्योहार विशेष 28 नवंबर को एक अतिरिक्त फेरे के लिए चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05079 पाटलिपुत्र-रामनगर 29 नवंबर को संचालित होगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर गुजरती है।
इसके ठहराव, समय, मार्ग और कोचों की संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दूसरी ओर, उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने गाड़ी संख्या 12429 लखनऊ-नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 11 से 16 नवंबर तक अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच लगाने का निर्णय लिया है।
इसी तरह गाड़ी संख्या 12430 नई दिल्ली-लखनऊ एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 12 से 17 नवंबर तक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। रेलवे के इन दोनों निर्णयों से त्योहार के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।