विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चौबारी मेले में 5 लाख रुपये तक के घोड़ों की होती है खरीद, 20-28 नवंबर तक रामगंगा किनारे सजेगा मेला

Published: Tue, 10 Nov 2026 12:26 PM (IST)

बरेली में रामगंगा नदी के किनारे 20 से 28 नवंबर तक लगने वाले पारंपरिक चौबारी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं।

रामगंगा किनारे सजेगा चौबारी मेला।

रामगंगा किनारे सजेगा चौबारी मेला।

HighLights

  1. 20 से 28 नवंबर तक रामगंगा किनारे लगेगा चौबारी मेला बरेली में।

  2. 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य स्नान श्रद्धालुओं के लिए।

  3. झूले, दुकानें और प्रसिद्ध पशु बाजार मेले के मुख्य आकर्षण।

जागरण संवाददाता, बरेली। रामगंगा नदी के किनारे लगने वाले पारंपरिक चौबारी मेले की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मेले में मनोरंजन के लिए झूले पहुंचने लगे हैं, वहीं दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजाने की तैयारी शुरू कर दी है।

20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले को लेकर मेला स्थल पर चहल-पहल बढ़ने लगी है। कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचने की उम्मीद है।

मेले में अब धीरे-धीरे अस्थायी बाजार का स्वरूप दिखाई देने लगा है। बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाने का काम शुरू हो गया है। वहीं घरेलू सामान, खिलौने, खानपान और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी दुकानों के लिए भी दुकानदार जगह तैयार कर रहे हैं।

आने वाले दिनों में मेले में दुकानों और मनोरंजन के साधनों की संख्या बढ़ेगी। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। चौबारी मेले का पशु बाजार (नखासा) इसकी खास पहचान है। यहां घोड़ों की खरीद-फरोख्त के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब से व्यापारी पहुंचते हैं।

अलग-अलग नस्लों के घोड़े बिक्री के लिए लाए जाते हैं। उनकी कीमत नस्ल, बनावट और विशेषताओं के आधार पर तय होती है। बाजार में 10 हजार रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक के घोड़ों की खरीद-फरोख्त होती है।

मेले में धार्मिक आयोजन और व्यापार के साथ लोक संस्कृति की भी विशेष पहचान रही है। प्रशासन ने मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मेले में लाखों लोगों के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं। अगले कुछ दिनों में मेला स्थल पर तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- तिगरी मेला: 1.89 करोड़ से बिछाया गया 22 KM लंबा सड़कों का जाल, 15 नवंबर से होगा भव्य आयोजन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।