बरेली का प्रसिद्ध चौबारी मेला 20 नवंबर से: रामगंगा किनारे 5 लाख तक के घोड़ों की लगेगी बोली, 10 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद
बरेली का प्रसिद्ध चौबारी मेला 20 से 28 नवंबर तक रामगंगा किनारे आयोजित होगा, जिसमें 10 लाख लोगों के जुटने ...और पढ़ें

चौबारी मेले की तैयारी शुरू
HighLights
24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य स्नान, पशु बाजार में घोड़ों की खरीदारी के लिए जुटेंगे व्यापारी
जागरण संवाददाता, बरेली। पारंपरिक चौबारी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रामगंगा नदी के किनारे 20 से 28 नवंबर तक मेला आयोजित किया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। मेले में धार्मिक आयोजन के साथ ही पशु बाजार, घरेलू सामान की दुकानें और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मेले में करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
चौबारी मेला लंबे समय से क्षेत्र की सांस्कृतिक और व्यापारिक पहचान बना हुआ है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रामगंगा में स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके साथ ही मेले में घरेलू जरूरतों के सामान की दुकानें सजतीं हैं।
ग्रामीण इन दुकानों से रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदते हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए जाते हैं। मेले की सबसे बड़ी पहचान यहां लगने वाला पशु बाजार है।
इसमें घोड़ों की खरीद-फरोख्त के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब से भी व्यापारी पहुंचते हैं। यहां अलग-अलग नस्ल और प्रजातियों के घोड़े बिक्री के लिए लाए जाते हैं।
घोड़ों की कीमत उनकी नस्ल, बनावट और विशेषताओं के आधार पर तय होती है। बाजार में 10,000 रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक के घोड़ों की बोली लगाई जाती है।
घोड़ों के अलावा गाय और भैंस का बाजार भी सजता है। किसान अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार पशुओं की खरीदारी करते हैं। इस दौरान पशुपालकों और व्यापारियों के बीच बड़े स्तर पर खरीद-बिक्री होती है।
तैयारियों को लेकर अधिकारी कर रहे बैठक
मेले की व्यवस्था में प्रबंधक की भूमिका निभा रहे जयवीर सिंह ने बताया कि आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन के साथ बैठकें भी की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मेले में पहले उत्तर प्रदेश की पारंपरिक लोकनाट्य शैली नौटंकी प्रमुख आकर्षण हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान में स्थानीय स्तर पर इसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने प्रशासन से मेले में पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पर्याप्त स्थान और सहयोग देने की मांग की।
उनका कहना है कि चौबारी मेला केवल खरीदारी और पशु व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ा है। मेले से स्थानीय लोगों की कई जरूरतें पूरी होती हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।