रामगंगा किनारे लगने वाले चौबारी मेले की तैयारियां पूरी, 14 मेला प्रबंधक संभालेंगे व्यवस्था की जिम्मेदारी
बरेली में रामगंगा किनारे लगने वाले प्रसिद्ध चौबारी मेले की तैयारियों के लिए प्रशासन ने 14 मेला प्रबंधक नियुक्त किए हैं।

रामगंगा चौबारी मेले में लग रहे विभिन्न प्रकार के झूले। (फोटो क्रेडिट- अजय शर्मा)
HighLights
14 मेला प्रबंधक चौबारी मेले की व्यवस्थाएं संभालेंगे।
20 से 28 नवंबर तक होगा चौबारी मेले का आयोजन।
पेयजल, सफाई, सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी।
जागरण संवाददाता, बरेली। रामगंगा किनारे लगने वाले प्रसिद्ध चौबारी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय कर दी है। मेले के सुचारु संचालन के लिए 14 मेला प्रबंधक नियुक्त किए गए हैं।
इनकी निगरानी में मेले में दुकानें, झूले, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। प्रबंधकों को व्यवस्थाओं के लिए 14.50 लाख रुपये की धनराशि जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, चौबारी मेला 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होगा। इसका उद्घाटन 20 नवंबर को शाम चार बजे किया जाएगा, जबकि मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हैंडपंप, लाइटिंग, जनरेटर, पेयजल के लिए पंप सेट, खोया-पाया केंद्र और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही पूरे मेला क्षेत्र में सफाई, शौचालय, पार्किंग और स्नान घाट पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी कराई जाएगी। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए तैराकी टीम, गोताखोरों और नावों की व्यवस्था भी रहेगी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह के अनुसार मेला क्षेत्र में लगने वाले सभी झूलों के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड, अग्निशमन विभाग और विद्युत सुरक्षा से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य किया गया है।
झूलों की सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी भी संबंधित प्रबंधकों की होगी। मेले में होने वाले आय-व्यय और व्यवस्थाओं की निगरानी मेला मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर और उप मेला मजिस्ट्रेट करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रबंधक के खिलाफ प्रतिकूल तथ्य सामने आने या शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका मिलने पर उसकी नियुक्ति निरस्त कर दी जाएगी।
इन्हें बनाया गया मेला प्रबंधक
प्रशासन ने जयवीर सिंह, राजेश सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, राज बहादुर सिंह, गोकिल, अभय सिंह, योगेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, छोटे सिंह, रोहित सिंह, प्रदीप कुमार पांडेय, अजय कुमार सिंह, हरिराज सिंह और श्यामवीर सिंह को मेला प्रबंधक नियुक्त किया है। सभी ग्राम चौबारी के रहने वाले हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।