100 साल पहले मुस्लिम समुदाय ने शुरू कराया था चौबारी मेला, गांववाले ही संभालते हैं पूरी जिम्मेदारी
बरेली के रामगंगा किनारे लगने वाला चौबारी मेला धार्मिक आस्था और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है।

20 से 28 नवंबर तक चलेगा चौबारी मेला।
HighLights
मुस्लिम समुदाय ने 100 साल पहले चौबारी मेले की शुरुआत की।
यह मेला धार्मिक आस्था और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है।
हाई कोर्ट के आदेश से 1970 में ग्रामीणों को मिला प्रबंधन।
मनीस पांडेय, बरेली। रामगंगा नदी के किनारे लगने वाला चौबारी मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि आपसी सहयोग और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल भी है। करीब 100 साल पुराने इस मेले की शुरुआत में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
ग्रामीणों के अनुरोध पर मेले के आयोजन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ठिरिया गांव के अल्ला बख्श और खुदा बख्श को सौंपी गई थी। बाद में 1970 में हाई कोर्ट के आदेश के बाद मेले का प्रबंधन ग्रामीणों के हाथों में आ गया।
चौबारी गांव निवासी और मेले में प्रबंधक की भूमिका निभा रहे जयवीर सिंह के मुताबिक, मेले की शुरुआत वर्ष 1925 में हुई थी। उस समय गांव के बाबू सिंह, सरनाम सिंह, प्रह्लाद और नन्हू सिंह ने विचार-विमर्श के बाद गांव में मेले का आयोजन करने का निर्णय लिया।
उनका उद्देश्य ग्रामीणों को जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराने के साथ मनोरंजन का साधन जुटाना और कार्तिक माह में होने वाले स्नान पर्व को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना था। इसके लिए ठिरिया निवासी अल्ला बख्श और खुदा बख्श को जिम्मेदारी दी गई।

घोड़ों की खरीद-बिक्री के आयोजन का हुआ खास इंतजाम
घोड़ों की खरीद-फरोख्त के लिए लगने वाले नखासे में दोनों को एक चौथाई हिस्सेदारी देने का निर्णय हुआ। दोनों ने मेले का प्रचार किया और घोड़ों की खरीद-बिक्री के साथ आयोजन के लिए जरूरी इंतजाम किए।
पहली बार छोटे स्तर पर मेला लगा, जिसमें आसपास के लोगों ने भाग लिया। इसके बाद हर वर्ष आयोजन होने लगा। उस समय मेले से होने वाली कमाई का तीन चौथाई हिस्सा मेला कमेटी और एक चौथाई हिस्सा आयोजन में सहयोग करने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों को मिलता था।
जयवीर सिंह बताते हैं कि 1970 के आसपास गांव के ऐजल सिंह ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की। उनका तर्क था कि जमींदारी व्यवस्था समाप्त होने के बाद मेले के प्रबंधन का अधिकार गांव के लोगों को मिलना चाहिए। इसके बाद हाई कोर्ट के आदेश से ग्रामीणों को मेले का प्रबंधन सौंप दिया गया।
शुरुआत में घोड़ों की खरीद-बिक्री पर दो प्रतिशत शुल्क लिया जाता था, जिसे बाद में चार प्रतिशत कर दिया गया। वर्तमान में भी यह व्यवस्था लागू है। अन्य दुकानदारों से भी शुल्क लिया जाता है।
10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
ग्रामीणों के अनुसार यह मेला खरीफ की फसल के बाद लगता है। पहले किसान फसल बेचकर यहां खरीदारी करने आते थे। खिचड़ी, कपड़े आदि का दान करने के साथ रामगंगा में स्नान करते थे।
आज भी यह परंपरा जारी है। अब मेले में करीब 1000 दुकानें लगती हैं और लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इस वर्ष मेला 20 से 28 नवंबर तक लगेगा। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान पर्व होगा। मेले के लिए दुकानें और झूले पहुंचने लगे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।