विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली से बड़ा सियासी संदेश: बीजेपी ने धर्मपाल सिंह और संतोष गंगवार की बेटी श्रुति को बनाया राज्यसभा प्रत्याशी

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:07 PM (IST)

भाजपा ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बरेली से धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी ...और पढ़ें

श्रुति गंगवार और धर्मपाल सिंह

श्रुति गंगवार और धर्मपाल सिंह

जागरण संवाददाता, बरेली। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए बरेली से दो नामों की घोषणा कर दी है। प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और अर्बन कोआपरेटिव बैंक की चेयरमैन श्रुति गंगवार को पार्टी ने राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है। दोनों नामों की घोषणा के बाद जिले में भाजपा की सियासत में हलचल बढ़ गई है।

आंवला विधानसभा क्षेत्र से धर्मपाल सिंह पिछले तीन चुनावों में लगातार जीत हासिल कर रहे हैं। पिछले कार्यकाल में भी वह प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। मौजूदा सरकार में उन्हें पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

संगठन और सरकार में लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए मैदान में उतारा है। वहीं श्रुति गंगवार को भी राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से बरेली की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।

वह अर्बन कोआपरेटिव बैंक की चेयरमैन हैं। श्रुति गंगवार पूर्व केंद्रीय मंत्री और बरेली लोकसभा सीट से आठ बार सांसद रहे संतोष कुमार गंगवार की बेटी हैं। वर्तमान में संतोष कुमार गंगवार झारखंड के राज्यपाल हैं।

श्रुति गंगवार पिछले कुछ समय से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी सक्रिय थीं। वह बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रही थीं।

अब राज्यसभा प्रत्याशी घोषित होने के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। भाजपा की ओर से दोनों नामों की घोषणा को बरेली के लिहाज से महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- रोहतक की बेटी, बरेली में तैनाती... जानिए कौन हैं ASI परवीन हुड्डा, जिन्होंने एशियन गेम्स में जीता स्वर्ण पदक