रोहतक की बेटी, बरेली में तैनाती... जानिए कौन हैं ASI परवीन हुड्डा, जिन्होंने एशियन गेम्स में जीता स्वर्ण पदक
आइटीबीपी की असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर परवीन हुड्डा ने एशियन गेम्स-2026 में 65 किलोग्राम बाक्सिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। ...और पढ़ें

एशियन गेम्स मे स्वर्ण पदक विजेता परवीन हुड्डा
HighLights
परवीन के गोल्ड जीतने के बाद आईटीबीपी महानिदेशक और सेनानी तृतीय वाहिनी समेत अन्य जवानों ने दी बधाई
जागरण संवाददाता, बरेली। आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल) तृतीय वाहिनी में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) परवीन हुड्डा ने एशियन गेम्स-2026 में स्वर्णिम पंच लगाकर देश की झोली में एक और पदक डाल दिया है।
महिलाओं की 65 किलोग्राम बाक्सिंग स्पर्धा में परवीन ने शानदार प्रदर्शन करते चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को 3-2 के करीबी अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उनकी जीत की खबर पहुंचते ही बरेली स्थित आइटीबीपी की तृतीय वाहिनी में खुशी का माहौल बन गया। महानिदेशक और सेनानी तृतीय वाहिनी ने परवीन को बधाई देते हुए आगे भी इसी तरह प्रदर्शन करने को प्रेरित किया।
मूलत: रोहतक के रुड़की गांव की रहने वाली परवीन वर्तमान में आइटीबीपी की तृतीय वाहिनी लालफाटक-बुखारा में तैनात हैं। एक ओर उनके कंधों पर वर्दी की जिम्मेदारी है तो दूसरी ओर बाक्सिंग रिंग में देश के लिए पदक जीतने की चुनौती।
दोनों जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बैठाते हुए परवीन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ बरेली की आइटीबीपी यूनिट भी उनकी सफलता से जुड़ गई है।
परवीन का अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग में पदक जीतने का सिलसिला नया नहीं है। वर्ष-2019 में काठमांडू में हुए साउथ एशियन गेम्स में उन्होंने 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।
वर्ष-2022 में जार्डन के अम्मान में हुई एशियन एमेच्योर बाक्सिंग चैंपियनशिप में 63 किलोग्राम वर्ग में भी उन्होंने सोना जीता। अब 65 किलोग्राम वर्ग में एशियन गेम्स का स्वर्ण उनके खाते में जुड़ गया है।
लगातार अलग-अलग भार वर्गों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली परवीन की उपलब्धि पर उनके स्वजन के साथ आइटीबीपी के जवान भी आह्लादित हैं।
यह भी पढ़ें- ईंट-भट्ठे पर मां ने ढोईं ईंटें, बेटी ने कुराश में जीता गोल्ड: संभाली यूपी की कमान, अब नेशनल पर नजर
