अब सड़क बनने के बाद नहीं खुदेगी! बरेली में ट्रैफिक और ट्रांसपोर्ट सुधारने के लिए आ रहा है नया प्राधिकरण
बरेली में यातायात व्यवस्था सुधारने और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल स्थापित करने के लिए एकीकृत महानगरीय परिवहन प्राधिकरण (UMTA) का प्रस्ताव है। यह प्राधिकरण सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक परिवहन के समन्वित विकास को सुनिश्चित करेगा।

एआई इमेज
HighLights
व्यापक गतिशीलता योजना में नगर परिवहन निदेशालय को शीर्ष संस्था बनाने की संस्तुति
नीलेश प्रताप सिंह, बरेली। शहर की यातायात व्यवस्था अब अलग-अलग विभागों के बीच नहीं उलझेगी। सड़क बनने के बाद फुटपाथ छूट जाने तो कहीं जाम और सार्वजनिक परिवहन में तालमेल न होने की समस्या को जड़ से खत्म करने की तैयारी है। नगर निगम की व्यापक गतिशीलता योजना (सीएमपी) में शहर के लिए 'एकीकृत महानगरीय परिवहन प्राधिकरण' (यूएमटीए) के गठन का प्रस्ताव रखा गया है। यह प्राधिकरण यातायात योजनाओं की दिशा तय करने से लेकर बजट प्रबंधन और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की धुरी बनेगा।
नगर निगम की ओर से कंप्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान (सीएमपी) तैयार करने वाले विशेषज्ञों के अनुसार अभी शहरी परिवहन की जिम्मेदारी केंद्र, प्रदेश और स्थानीय निकायों में बंटी है।
तालमेल के अभाव में कई बार एक ही काम दोहराया जाता है, इससे सड़क परियोजनाएं फुटपाथ, गैर-मोटर चालित वाहनों और सार्वजनिक परिवहन से नहीं जुड़ पातीं। इसी विसंगति को दूर करने के लिए सीएमपी में यूएमटीए के तीन विकल्प सुझाए गए हैं।
पहला- स्वतंत्र वैधानिक प्राधिकरण बने, लेकिन इसमें नए कानून और शासन की मंजूरी में लंबा समय लग सकता है। दूसरा- प्रदेश के नगर परिवहन निदेशालय (डीओयूटी) को यह भूमिका दी जाए। तीसरा- प्राधिकरण को नगर निगम के प्रति जवाबदेह बनाया जाए।
नगर निगम स्थानीय जरूरतों से तो वाकिफ है, मगर रेलवे और एनएचएआइ जैसी केंद्रीय एजेंसियों से तालमेल और तकनीकी क्षमता की कमी को चुनौती बनने की बात भी कही है।
ऐसे में सीएमपी ने संस्तुति की है कि प्रदेश के नगर परिवहन निदेशालय को शीर्ष संस्था बनाया जाए और बरेली नगर निगम में एक समर्पित 'परिवहन प्रकोष्ठ' गठित हो। यह प्रकोष्ठ शहर के रोजमर्रा के यातायात मुद्दों को देखेगा और सीधे निदेशालय को रिपोर्ट करेगा।
सरकारी एजेंसियों के साथ ई-रिक्शा संघ भी होंगे शामिल
प्रस्तावित परिवहन प्रकोष्ठ में सरकारी व गैर-सरकारी दोनों पक्षों की भागीदारी रहेगी। सरकारी स्तर पर शहरी विकास, नगर एवं ग्राम नियोजन, परिवहन व प्रदूषण नियंत्रण विभाग के साथ नगर निगम, आरटीओ और यातायात पुलिस शामिल होगी।
वहीं, गैर-सरकारी पक्ष में निजी बस व ई-रिक्शा संघ और नागरिक संगठनों को जगह मिलेगी। योजना और क्रियान्वयन में सीधी मदद के लिए इसमें यातायात अभियंता, परिवहन अर्थशास्त्री और जीआइएस विशेषज्ञों की एक आंतरिक कार्य इकाई भी बनेगी।
चालान या पंजीकरण नहीं करेगा प्राधिकरण
विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि यूएमटीए वाहन पंजीकरण, लाइसेंस, फिटनेस जांच, किराया निर्धारण या यातायात पुलिस की तरह कानून लागू करने का काम नहीं करेगा।
हालांकि, सार्वजनिक परिवहन के लाइसेंस व किराये पर सुझाव देने और अन्य शहरी परिवहन सेवाओं के शुल्क नियंत्रित करने का अधिकार इसके पास रहेगा।
सीएमपी का उद्देश्य परिवहन योजनाओं को अलग-अलग विभागों के दायरे से निकालकर समन्वित व्यवस्था में लाना है, ताकि सड़क, सार्वजनिक परिवहन और पैदल यात्री सुविधाएं एक साथ विकसित हो सकें। विशेषज्ञों के सुझावों का गहन अध्ययन कर इसे धरातल पर उतारा जाएगा।
- संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
यह भी पढ़ें- बरेली: 8 महीने बाद खुली सेटेलाइट नाला हादसे की फाइल, अब नपेंगे नगर निगम के ये 3 बड़े अधिकारी!
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।