अद्भुत आस्था: बरेली में हो रही है 1250 करोड़ 'राम नाम' की परिक्रमा, 500 बोरों में भरकर आई हैं 5 लाख से ज्यादा पुस्तिकाएं
बरेली के त्रिवटीनाथ मंदिर में 16 से 24 नवंबर तक 1250 करोड़ 'राम नाम' लेखन पुस्तिकाओं की परिक्रमा आयोजित की ...और पढ़ें

राम नाम परिक्रमा से पहले कलश यात्रा निकाल रहे श्रद्धालु। सौ. आयोजक
HighLights
देशभर के श्रद्धालुओं की पहुंची पांच लाख से अधिक राम नाम लिखी पुस्तिकाएं
जागरण संवाददाता, बरेली। नाथ नगरी में राम नाम लेखन पुस्तिकाओं की परिक्रमा का आयोजन किया जा रहा है। 16 से 24 नवंबर तक त्रिवटीनाथ मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के श्रद्धालुओं की ओर से लिखी गई राम नाम पुस्तिकाओं को एकत्र कर उनकी परिक्रमा की जा रही है।
मंगल कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय आयोजन का शुभारंभ हुआ। हनुमान मंदिर, सूद कांटा से त्रिवटीनाथ मंदिर तक निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
श्री राम नाम धन संग्रह बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक केके माहेश्वरी ने बताया कि श्रद्धालु प्रतिदिन राम नाम लेखन की परंपरा निभाते हैं। उनकी ओर से लिखी गई पुस्तिकाओं को बैंक में जमा कराया जाता है।
राजस्थान से आए संस्था के संस्थापक बालकृष्ण पुरोहित ने बताया कि वर्ष 1987 में श्री राम नाम धन संग्रह बैंक की स्थापना की गई थी। वर्तमान में संस्था से देशभर के 67,571 सदस्य जुड़े हैं। नाथ नगरी बरेली में भी करीब 1100 सदस्य राम नाम लेखन कर रहे हैं।
संस्थापक ने बताया कि देशभर में 2,292 सदस्यों ने 84 लाख राम नाम लेखन का लक्ष्य पूरा कर लिया है। बरेली में भी 15 श्रद्धालु 84 लाख बार राम नाम लिख चुके हैं। संस्था की सदस्यता 151 रुपये शुल्क देकर ली जा सकती है।
इसके बाद सदस्यों को प्रत्येक महीने पंजीकृत डाक से राम नाम लेखन पुस्तिकाएं भेजी जाती हैं। श्रद्धालु उनमें राम नाम लिखकर वापस जमा कराते हैं। अब तक संस्था के पास 72 लाख 45,283 पुस्तिकाएं जमा हो चुकी हैं।
इनमें कुल 171 अरब राम नाम लिखे जा चुके हैं। बरेली में आयोजित परिक्रमा के लिए 500 पैकेटों में राम नाम की पुस्तिकाएं लाई गई हैं। प्रत्येक बोरे में 1000 पुस्तिकाएं रखी गई हैं। इस 1,250 करोड़ राम नाम की वेदी बनाकर परिक्रमा कराई जा रही है।
आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं को इन पुस्तिकाओं की परिक्रमा करने का अवसर मिल रहा है। संस्थापक ने बताया कि इससे पहले गीता प्रेस गोरखपुर और गायत्री परिवार की ओर से भी इस तरह के प्रयास किए गए हैं।
संस्था का उद्देश्य कोई रिकार्ड बनाना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की ओर से लिखे गए राम नाम को एक स्थान पर संरक्षित करना है। भविष्य में तीर्थस्थलों पर पुस्तिकाओं को एकत्र कर भवन बनाने की योजना है, जहां श्रद्धालु परिक्रमा कर सकेंगे।
कार्यक्रम में शामिल सुभाष नगर निवासी मीनू सक्सेना ने बताया कि वह तीन साल से राम नाम लिख रही हैं। छोटे भाई से इसकी प्रेरणा मिली। इससे परिवार में सुख-शांति का माहौल बना है।
वहीं अलीगढ़ निवासी यूपीपीसीएल से सेवानिवृत्त शांति स्वरूप शर्मा ने बताया कि वह 10 साल से संस्था से जुड़े हैं। पत्नी के साथ मिलकर करीब 150 पुस्तिकाओं में राम नाम लिख चुके हैं। आयोजन में ध्रुव मेहरा, सुधीर खंडेलवाल, मनोज माहेश्वरी, अंशु माहेश्वरी, पवन अग्रवाल आदि सहयोग कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।