विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Census 2027: स्व-गणना शुरू होते ही चमका बरेली, पहले दिन प्रदेश में किया टॉप, इतने प्रतिशत लोगों ने पूरा किया काम

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:40 PM (IST)

जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना अभियान के पहले दिन बरेली ने पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया। जिला प्रशासन ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. कलक्ट्रेट में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों-कर्मचारियों ने की शुरुआत, प्रचार वाहन निकाला

जागरण संवाददाता, बरेली। जनगणना 2027 के तहत सोमवार से शुरू हुए स्व-गणना के कार्य में पहले ही दिन बरेली ने बाजी मार ली। प्रदेश में सबसे अधिक 17.71 प्रतिशत लोगों ने स्व-गणना का कार्य पूरा किया। कलक्ट्रेट में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों ने सबसे पहले ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। उसके बाद प्रचार-प्रसार के लिए वाहन रवाना किया गया।

कलक्ट्रेट में सोमवार को हुए कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों व कर्मचारियों को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाई। उन्हें बताया गया कि ऑनलाइन माध्यम से परिवार और मकान से संबंधित आवश्यक जानकारियां खुद दर्ज की जा सकती हैं।

डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि स्व-गणना से जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम और प्रभावी होगी। नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर मिलेगा, जिससे अभियान में उनकी सीधी भागीदारी होगी।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और सरकारी संसाधनों के नियोजन का आधार बनते हैं।

ऐसे में प्रत्येक परिवार की सही जानकारी दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा।

स्व-गणना के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए रवाना की गई प्रचार वैन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। इसके माध्यम से लोगों को आनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह सहित कलक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

देर शाम जारी हुए आंकड़े

शाम को मिले आंकड़ों के अनुसार बरेली स्व-गणना करने में प्रदेश में सबसे आगे रहा है। जिले में शाम तक 6,201 लोगों ने स्व-गणना के लिए आनलाइन लागिन किया। उसमें से 1,098 लोगों ने प्रक्रिया को पूरा किया।

जबकि 5,103 ने प्रक्रिया पूरी नहीं की। इस तरह स्व-गणना के लिए 6,201 लोगों ने प्रक्रिया को अपनाया। अन्य किसी भी जिले में लागिन करने वाले और प्रक्रिया को पूरा करने वालों की संख्या काफी कम रही।

डीएम के स्वजन ने भी पूरी की स्व-गणना प्रक्रिया

जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान के शुभारंभ पर डीएम अविनाश सिंह ने अपने कैंप कार्यालय पर खुद के और स्वजन की जानकारी अपलोड कर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की।

उन्होंने अधिकारियों से स्व-गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार को कहा। उन्होंने जिले के लोगों से स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाकर स्वयं और अपने परिवार का विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज कराने की अपील की।

जानकारी भरते समय विशेष सावधानी बरतें, जिससे आंकड़े सटीक रहें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के जरिये नागरिक खुद अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना अभियान में सीधे भागीदार बन सकते हैं।

इस तरह करें स्व-गणना

स्व-गणना का काम 16 नवंबर से 30 नवंबर तक किया जाना है। फिर एक दिसंबर से चार जनवरी तक जनसंख्या की गणना होनी है। स्व-गणना के लिए सबसे पहले se.census.gov.in पर जाना होगा।

इसके बाद अपने मोबाइल नंबर से लागिंन करना पड़ेगा। फिर परिवार के सभी सदस्यों के लिए दी गई प्रश्नावली को भरना है और अपनी जानकारी जमा करनी है।

फिर अंगेजी के कैपिटल अक्षर पी से शुरू होने वाली 11 अंकों की एसई आइडी मिलेगी, इसे सुरक्षित रखना होगा। घर पर प्रगणक के आने पर उन्हें यह आइडी दिखानी होगी।

यह भी पढ़ें- कौन हैं IPS मोहित अग्रवाल? बरेली से की पढ़ाई, अब IIM मुंबई ने 'डिस्टिंग्विश्ड एलुमनी अवार्ड' से नवाजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।