विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Swachh Survekshan: बरेली को लगा दोहरा झटका, टॉप-3 और स्वच्छ लीग से बाहर; अब टॉप-10 में जगह बनाने की उम्मीद

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:21 PM (GMT+05:30)

स्वच्छ सर्वेक्षण में बरेली को टॉप-3 या स्वच्छ शहर लीग में जगह नहीं मिली, जिससे उसे दोहरा झटका लगा है। ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. स्वच्छता सर्वेक्षण की जारी होने वाली रैंकिंग में 20वीं पायदान से आगे निकलने की निगम की थी तैयारी

जागरण संवाददाता, बरेली। स्वच्छता सर्वेक्षण में बरेली को इस बार बीते वर्ष के सापेक्ष में सुधार की उम्मीद के बीच दोहरा झटका लगा है। शहर न अलग-अलग श्रेणियों में जारी श्रेणी में टाप थ्री में जगह बना सका न ही स्वच्छ शहर लीग में स्थान मिला। पिछले सर्वेक्षण में देशभर में 20वीं रैंक हासिल करने के बाद नगर निगम को इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। अब निगाहें अंतिम रैंकिंग पर टिक गई हैं। निगम अधिकारियों को उम्मीद है कि शहर शीर्ष-10 में जगह बना सकता है।

स्वच्छ सर्वेक्षण में इस वर्ष कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, कचरे का परिवहन व वैज्ञानिक निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, शौचालयों की व्यवस्था, सीवर प्रबंधन और नागरिक फीडबैक समेत 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 मानकों पर शहरों को परखा गया।

दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में विशाखापत्तनम, जबलपुर और लखनऊ ने टाप थ्री में जगह बनाई। वहीं, सुपर स्वच्छ लीग में नवी मुंबई, सूरत और विजयवाड़ा शीर्ष पर रहे।

बरेली को किसी भी श्रेणी में स्थान नहीं मिला। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के अनुसार रैंकिंग सुधारने के लिए कूड़ा प्रबंधन से लेकर सफाई व्यवस्था तक कई स्तरों पर ठोस प्रयास किए।

शहर में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर विकसित किए गए, जहां कचरे को अलग-अलग कर निस्तारित करने की व्यवस्था की गई। गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण पर जोर दिया गया। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई गई।

नालों की सफाई के लिए रोबोटिक मशीन की व्यवस्था की गई। प्रमुख बाजारों और सड़कों पर रात में भी सफाई कराई जाने लगी। बाकरगंज में वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए सथरापुर में सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू किया गया।

हालांकि, सीएंडडी वेस्ट प्लांट के संचालन में देरी और कूड़ा निस्तारण की बड़ी परियोजनाओं का समय से पूरी तरह शुरू नहीं होना चुनौती बना रहा। साथ ही गंदगी फैलाने और नालियों में गोबर डालने वालों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है।

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और नियमित सफाई के साथ सड़कों पर धूल रोकने के लिए हर दिन पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। विभिन्न आयोजनों के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

सर्वेक्षण के दौरान नागरिकों से भी सफाई व्यवस्था पर फीडबैक लिया गया। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बरेली ने राष्ट्रीय स्तर पर 20वां स्थान हासिल किया था।

इस बार उससे आगे निकलने की तैयारी थी। टाप थ्री और स्वच्छ शहर लीग में जगह नहीं मिलने के बाद अब निगम को अंतिम रैंकिंग का इंतजार है। कहा जा रहा है कि शुक्रवार को बरेली समेत अन्य शहरों की रैंकिंग जारी की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- बरेली में लापरवाही की हद: नगर निगम के डिपो के बजाय ड्राइवरों के घरों पर खड़े हो रहे कूड़ा वाहन, एक मौत के बाद खुली पोल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।