गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले: 14 दिन का नियम, लेकिन सिर्फ 3 दिन में खाते में आ रहा पैसा!
जिले की चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू हो गया है, लेकिन खेतों में नमी के कारण शुरुआती परता कम ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
अभी सप्ताहभर बाद परता में वृद्धि होने की जताई जा रही संभावना
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले की चार चीनी मिलों में नवीन पेराई सत्र आरंभ हो चुका है। गन्ना के खेतों में नमी का असर परता पर पड़ रहा है। शुरूआती सप्ताह में आठ से पौने नौ के बीच में परता आ रहा है। इसका मतलब एक क्विंटल गन्ने में आठ से पौने नौ किलो तक चीनी का उत्पादन मिल रहा है।
किसानों को गन्ना मूल्य का 14 दिन के भीतर भुगतान का आदेश है, जबकि सप्ताहभर में ही भुगतान शुरू कर हर तीसरे दिन भुगतान किया जा रहा है।
चीनी के भाव बढ़ने से अक्टूबर के अंत में ही नवीन पेराई सत्र शुरू कराने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन लगातार बरसात होने के कारण मीरगंज, फरीदपुर और बहेड़ी स्थित त्रिवटीनाथ चीनी मिल 11 नवंबर को शुरू हुई थी, जबकि किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा में 16 नवंबर को पेराई सत्र आरंभ हुआ है।
खेतों में नमी होने की वजह से चीनी मिलों में अभी अपेक्षित परता नहीं मिल पा रहा है। पिछली साल परता 11 से 12 तक पहुंचा था। गन्ना मूल्य भुगतान के लिए प्रशासन का दबाव बना हुआ है।
नियम तो 14 दिन के भीतर भुगतान का है, लेकिन मीरगंज और फरीदपुर चीनी मिलों से पांच दिन में ही भुगतान किया जा रहा है। जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी का कहना है कि शुरूआती दौर में चीनी मिलों को परता कम मिल रहा है, लेकिन सप्ताहभर इसमें सुधार आना शुरू हो जाएगा।
जिलाधिकारी के निर्देशन में बुधवार को जिला गन्ना अधिकारी और उप जिलाधिकारी बहेड़ी ने सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा का औचक निरीक्षण किया।
चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक ने अवगत कराया कि दो दिन पहले पूजन हुआ था, आज से विधिवत गन्ना पेराई शुरू कर दी गई है। निरीक्षण के समय चीनी मिल संचालित अवस्था में पाई गई तथा कृषकों द्वारा मिल को सुचारू रूप से गन्ने की आपूर्ति की जा रही थी।
चीनी मिल प्रबंधन को निर्देशित किया कि पेराई सत्र के दौरान किसानों को गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा, असुविधा का सामना न करना पड़े।
मिल यार्ड में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पुरुष एवं महिला शौचालयों की समुचित व्यवस्था, कैंटीन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया।
किसानों को तीन दिन में गन्ना मूल्य भुगतान कराने के लिए निर्देश दिए गए। इस दौरान चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक शैलेंद्र अस्थाना, जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी, सचिव प्रभारी सहकारी गन्ना विकास समिति भोजीपुरा तथा सचिव प्रभारी सहकारी गन्ना विकास समिति बहेड़ी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।