विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली से पीलीभीत का सफर होगा टोल फ्री! सितारगंज हाईवे पर मार्च से भर सकेंगे फर्राटा, हटेगा लभेड़ा टोल

Published: Mon, 12 Oct 2026 05:33 PM (GMT+05:30)

बरेली-सितारगंज हाईवे का बरेली-पीलीभीत खंड मार्च तक पूरा होने की उम्मीद है, जिससे यात्रा सुगम होगी। लभेड़ा टोल प्लाजा पीलीभीत ...और पढ़ें

बरेली-सितारगंज हाईवे का चल रहा निर्माण। सौ. एनएचएआइ

बरेली-सितारगंज हाईवे का चल रहा निर्माण। सौ. एनएचएआइ 

जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली-सितारगंज हाईवे निर्माण का कार्य 70 प्रतिशत तक पूर्ण करा लिया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि आगामी मार्च तक पीलीभीत तक निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। लभेड़ा टोल प्लाजा भी पीलीभीत के आगे शिफ्ट कराया जाएगा। इससे बरेली से पीलीभीत तक यात्री टोल मुक्त सफर कर सकेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) 450 करोड़ की लागत दो पैकेज में बरेली-सितारगंज हाईवे का निर्माण करा रहा है। बरेली से पीलीभीत तक 32.50 किमी का हाईवे निर्माण पिछली साल से चल रहा है।

लगभग तीन चौथाई कार्य हो चुका है, लेकिन खाई खेड़ा, बरखेड़ा, गरमई में 300 से 400 मीटर जमीन का विवाद है, जिसकी वजह से अवरोध बना हुआ है। एनएचएआइ के अधिकारियों ने जिला प्रशासन को स्थिति से अवगत कराया है।

दावा किया जा रहा है कि अवरोध जल्द खत्म हो जाएगा। पीलीभीत से पहले लभेड़ा में टोल प्लाजा है, निर्माण कार्यों की वजह से एनएचएआइ ने यहां टोल की दरें आधी कर रखी हैं।

क्षेत्रीय लोगों की अर्से से मांग आ रही थी कि टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे सितारगंज की तरफ शिफ्ट किया जाए, जिससे शासन से स्वीकृति मिल चुकी है।

दावा किया जा रहा है कि पीलीभीत तक हाईवे आगामी मार्च तक पूर्ण हो जाएगा और टोल प्लाजा भी पीलीभीत से आगे शिफ्ट करा दिया जाएगा। वहीं, दूसरे पैकेज में पीलीभीत से सितारगंज के बीच 38 किमी में हाईवे का निर्माण चल रहा है।

पीलीभीत से आगे का काम विलंब से शुरू हुआ है। वन विभाग की एनओसी नहीं मिलने से दस किमी चयनित भूमि पर एनएचएआइ को कब्जा भी कुछ महीनों पहले मिल सका है, इसलिए दूसरा पैकेज अगले साल के अंत तक पूर्ण हो पाने की संभावना जताई जा रही है।

एनएचएआइ के परियोजना प्रबंधक तकनीकी अश्वनी चौहान का कहना है कि बरेली-पीलीभीत के बीच काम तेजी से चल रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो आगामी मार्च माह तक यातायात शुरू करा दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बरेली के आसमान में 8 साल बाद फिर गूंजेगी 'सारंग' की गर्जना: स्वदेशी 'ध्रुव' हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब