डीजे के शोर में गुम होती शहनाई की गूंज, कभी राजदरबारों की थी शान; अब मंडप की देहरी पर भी सन्नाटा
कभी राजदरबारों और मंदिरों की शान रही शहनाई की मधुर धुनें अब आधुनिक म्यूजिक सिस्टम के शोर में अपनी पहचान खो रही हैं, जिससे शादी समारोहों में इसकी मांग कम हो गई है।

एआई इमेज
HighLights
शहनाई के मधुर व अलौकिक राग से अपरिचित भी हैं युवा, आधुनिक शोर-शराबे को अधिक दे रहे तवज्जो
जागरण संवाददाता, बरेली। नदियों के बहाव की लहरों सा सरगम, आत्मिक शांति और मन को सुकून देने वाले शहनाई के स्वर बिल्कुल खामोश होने लगे हैं। पीतल की घंटी जैसे मुख वाली, लकड़ी से बनी, बांसुरी सी लंबी, मधुर धुन वाली मंगल वाद्य अब पुराने और परंपरा के शौकीन लोग ही मांगलिक आयोजन में बजवाते हैं।
जिस शहनाई की धुन कभी राजदरबारों से लेकर मंदिरों तक गूंजती थी, जिसे उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ने विश्व के शास्त्रीय संगीत के मंच तक पहुंचाया, आज वही शहनाई आधुनिक शादी समारोहों में म्यूजिक सिस्टम के शोर के बीच अपनी जगह तलाश रही है।
मगर, पर्वतों के निवासियों की धार्मिक और मांगलिक परंपराओं में आज भी शहनाई की गूंज प्रचलित है। नाथ नगरी के उत्तराखंड से लगे होने के कारण यहां आज भी शौकीन लोग मांगलिक कार्यक्रमों में पारंपरिक लोक वाद्ययंत्र को तवज्जो देते हैं।

मलूकपुर बजरिया स्थित खलील मार्केट निवासी सुपर बनारस शहनाई पार्टी के मास्टर सुब्हान ने बताया कि उनके यहां पीढ़ियों से शहनाई बजाने का पेशा चला आ रहा है। उनके दादा उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के बहुत ही बड़े प्रशंसक रहे।
उनके बाद सुब्हान के पिता प्रो. मास्टर जहांगीर खां ने इस पेशे को आगे बढ़ाया। इसके बाद सुब्हान और उनके भाई फुरकान ने भी शहनाई वाद्य यंत्र बजाना सीखा। अब वह भी मांगलिक कार्यक्रमों में पारंपरिक सुरों की महफिल सजाते हैं।
उन्होंने बताया कि आठ दिसंबर को एक समारोह में उनका शहनाई बजाने का कार्यक्रम लगा हुआ है लेकिन पहले की अपेक्षा इसकी बुकिंग बहुत ही कम हो गई है। अब लोग आधुनिक म्यूजिक सिस्टम और भांगड़े को अधिक पसंद करते हैं।
पहले विवाह की तैयारियों में इस वाद्य की धुन से समारोह उत्सव में बदल जाया करता था, लेकिन युवा इसके रागों से परिचित नहीं हैं। इस कारण भी इसकी धुन खामोश होती जा रही है।
कोरोना से अधिक प्रभावित हुआ कारोबार
थाना प्रेम नगर रोड स्थित मठिया वाला चौराहा निवासी सरगम बैंड के आबिद सेन ने बताया कि पहले वैवाहिक लगन के दौरान प्रति महीने 30 से 40 शादी जैसे मांगलिक कार्यक्रमों की बुकिंग होती थी।
मगर, जब 2020 में कोरोना वायरस आया और सामूहिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा, तब से बैंड के कारोबार में काफी गिरावट आई है। लगन के दौरान अब प्रति महीने 15 से 20 बुकिंग ही होती हैं।
वहीं, शहनाई के संदर्भ में बताया कि बहुत कम या पुराने पारंपरिक और शौकीन लोग ही इस वाद्य यंत्र को लाने के लिए कहते हैं। शहनाई बजाने के लिए आयोजकों की ओर से विशेष तौर पर नहीं कहने पर वह इसे बैंड में शामिल भी नहीं करते हैं।
शहनाई के राग में भक्ति, विरह, लोक जीवन और उल्लास का संगम
सुपर बनारस शहनाई पार्टी के मास्टर सुब्हान ने बताया कि वह केवल खुशियों के मौके पर ही शहनाई बजाते हैं। लेकिन, पहाड़ी संस्कृतियों में धार्मिक और मांगलिक कार्यक्रमों के साथ ही दुख, विरह जैसे श्रद्धांजलि सभा में भी शहनाई वाद्य का चलन है।

इसके प्रमुख रागों में लोकजीवन, सरलता, भक्ति, विरह और उल्लास जैसे भावों का संगम होता है। उस्ताद बिस्मिल्लाह खान ने इस वाद्य यंत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और उनके संगीत में कई तरह के भाव मिलते हैं।
शहनाई के प्रमुख राग
राग दरबारी कान्हड़ा में गंभीरता, गहराई और चिंतन, राग मालकौंस में ध्यान, आध्यात्मिकता और गंभीरता के सुरों से महफिल में चार चांद लग जातें हैं।
इसके अलावा राग यमन में शांति, प्रेम और मधुरता, राग पहाड़ी में लोक जीवन, सरलता और उल्लास, राग भैरवी में करुणा, भक्ति, विरह और भावुकता, राग शिवरंजनी में विरह, पीड़ा, उदासी आदि के भाव की मधुरता का संगम होता है।
आज भी मशहूर उस्ताद की जुगलबंदी
मोहे पनघट पे नंदलाला छेड़ गयो रे... मोहे पनघट पे, नाजुक कलियां मरोड़ गयो रे... मोहे पनघट पे...। इन पंक्तियों को आवाज उस्ताद विलायत खान ने दी और धुन उस्ताद बिस्मिल्लाह खान ने।
इंटरनेट से लेकर शास्त्रीय संगीत गायन तक के प्रशंसकों में इन उस्तादों की जुगलबंदी आज भी मशहूर है। शास्त्रीय संगीत के मीठे भाव वाले और प्रचलित गायन ठुमरी की इन पंक्तियों में शृंगार रस का प्रवाह आज भी अठखेलियां करता है।
लकड़ी और धातु से बनता ढांचा, आजादी पर उस्ताद ने लाल किला से बजाई शहनाई
शहनाई की मुख्य देह शीशम और सागवान की लकड़ी से बनती है। इन लकड़ियों से सुर मधुर निकलते हैं। बनारस की मशहूर शहनाई भी इन्हीं से तैयार होती है। नीचे का चौड़ा हिस्सा, जिसे प्याला या घंटी कहते हैं, धातु का होता है।
पहले यह पीतल से बनता था, अब पीतल, एल्युमिनियम या लोहे से भी बनाया जाता है। ऊपर लगने वाली रीड नरकट की ईख से बनती है। बिहार के बक्सर जिले में स्थित डुमरांव का नरकट श्रेष्ठ माना जाता है।
सस्ती शहनाइयां धातु या प्लास्टिक की भी बनती हैं। डुमरांव में ही भारत की शान कहे जाने वाले मशहूर शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां का जन्म हुआ था। देश के आजाद होने पर 15 अगस्त 1947 को उस्ताद ने लाल किले से शहनाई बजाई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।