विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

25 लाख रुपये न देने पड़ें इसलिए कर दी थी हत्या, बरेली पुलिस ने मुठभेड़ में दो हत्यारोपियों को मारी गोली

By Digital DeskEdited By: Anshul Bhartariya
Published: Mon, 16 Nov 2026 03:41 PM (IST)

बरेली पुलिस ने अकरम की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. पुलिस टीम पर भी की फायरिंग, दो पुलिसकर्मी घायल होने से बचे, तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद

जागरण संवाददाता, बरेली। आंवला में अकरम की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ के दौरान आरोपितों की गोली आरक्षी कमलेश सिंह और उपनिरीक्षक शुभम कुमार के बाजू को छूकर निकल गई। तीसरा आरोपित विकास यादव फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक आंवला कस्बे में रविवार की रात करीब 8:45 बजे गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि कस्बा आंवला निवासी अकरम अपने पिता अशरफ (55) के साथ खेत से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।

रास्ते में बगिया के पास तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसमें अकरम के सिर में गोली लगी, जबकि अशरफ के हाथ और शरीर में छर्रे लगे। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान अकरम की मौत हो गई।

मामले में अशरफ की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना में तौफीक कुरैशी उर्फ दानिश, अशफाक उर्फ चौड़ा और विकास यादव के नाम प्रकाश में आए।

एसपी दक्षिणी और क्षेत्राधिकारी आंवला के पर्यवेक्षण में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सोमवार को बदायूं रोड स्थित श्रीजी कालोनी के पास पुलिस टीम मौजूद थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपित सिद्ध मंदिर के पास विक्की के खेत में छिपे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपितों को आत्मसमर्पण के लिए कहा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में तौफीक और अशफाक गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर भी गोली चलाई गई, जो आरक्षी कमलेश सिंह और उपनिरीक्षक शुभम कुमार के बाजू को छूकर निकल गई।

पुलिस ने तौफीक के कब्जे से एक अदद तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस और अशफाक के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

तीसरे आरोपित विकास यादव की तलाश में दबिश दी जा रही है। अभियुक्त तौफीक कुरैशी एवं अशफाक उर्फ चौड़ा से पूछताछ करने पर अभियुक्त तौफीक ने बताया कि उसने अकरम से 25 लाख रुपये के भैंस के पड़वे खरीदे थे, जिनके रुपये उसे अकरम को देने थे।

रुपये न देने पड़ें, इस उद्देश्य से उसने अपने साथी अशफाक उर्फ चौड़ा और विकास यादव के साथ मिलकर अकरम की हत्या करने की योजना बनाई।

यह भी पढ़ें- बरेली: सिर्फ कागजों पर चलता था करोड़ों का कारोबार, ऐसे हड़पा 4.39 करोड़ का टैक्स; हरदोई और रुद्रपुर से दो गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।