बरेली: पासपोर्ट ऑफिस के पास महिला का पर्स छीनने वाले बदमाशों से मुठभेड़, 300 CCTV की मदद से पकड़े गए, एक घायल
बरेली पुलिस ने पासपोर्ट कार्यालय के पास महिला का पर्स छीनने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

मुठभेड़ में घायल आरोपित को लेकर जाती पुलिस
HighLights
पासपोर्ट कार्यालय के पास महिला का पर्स छीनकर हुए थे फरार
जागरण संवाददाता, बरेली। बारादरी थाना पुलिस ने पासपोर्ट कार्यालय के पास महिला का पर्स छीनने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एक आरोपित के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों की 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पहचान की। आरोपितों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, छीना गया पर्स, मोबाइल, एटीएम कार्ड, चाबियां और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, तीन नवंबर को पासपोर्ट कार्यालय के पास स्कूटी सवार महिला का पर्स बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर छीन लिया था। पर्स में मोबाइल फोन, बैंक कार्ड, नकदी और अन्य सामान था। महिला की तहरीर पर चार नवंबर को बारादरी थाने में दो अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गुरुवार को भरतौल रोड पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे और तमंचों से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में काजीटोला निवासी उफैजा पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
वहीं, ऐजाज नगर गौटिया के मोहन तालाब निवासी शकिल उर्फ शानू उर्फ नागराज को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा और दो जिंदा कारतूस, एक ओप्पो मोबाइल, तीन एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, छह चाबियां और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
बरामद सामान में पूर्व की छिनैती की घटना से संबंधित मोबाइल भी शामिल है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे कोई काम-धंधा नहीं करते और अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी व छिनैती की घटनाएं करते हैं।
तीन नवंबर की शाम सैटेलाइट से बीसलपुर चौराहे की ओर जाते समय उन्होंने स्कूटी सवार महिला के हैंडल पर टंगे पर्स को झपट्टा मारकर छीन लिया था। गुरुवार को भी वे दूसरी वारदात की फिराक में निकले थे।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने और जेल जाने के डर से उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की। दोनों आरोपितों के खिलाफ छिनैती के मुकदमे में लूट का माल बरामद होने सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं।
मुठभेड़ के मामले में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। शकिल के खिलाफ पहले से भी बारादरी थाने में आर्म्स एक्ट और हत्या समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली नगर निगम की OTS योजना पर उठे सवाल: ₹36.95 करोड़ की मांग के मुकाबले सिर्फ 12% वसूली!