बरेली नगर निगम का बड़ा एक्शन: OTS वसूली में लापरवाही पड़ी भारी, 12 कर्मचारी बर्खास्त; अब इनकी बारी!
बरेली नगर निगम ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत संपत्ति कर वसूली में लापरवाही बरतने पर 12 आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया है। अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नवंबर अंत तक लक्ष्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

टैक्स विभाग के निरीक्षकों और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक करते मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी। सौ. निगम
HighLights
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने एक सप्ताह में वसूली में पिछड़ने वाले कर्मियों पर की कार्रवाई
जागरण संवाददाता, बरेली। नगर निगम में संपत्ति कर की वसूली बढ़ाने के लिए चल रही एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में लापरवाही बरतने पर 12 आउटसोर्स कर्मियों को सेवा से हटा दिया गया। एक सप्ताह में आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष वसूली शून्य रहने पर आउटसोर्स कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई। वहीं, लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नवंबर के अंत तक का अल्टीमेटम दिया गया है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बुधवार को एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत राजस्व वसूली की समीक्षा की। सामने आया कि 21 नवंबर को राजस्व निरीक्षकों, कर समाहर्ताओं और आउटसोर्स कर्मियों को वार्डवार लक्ष्य आवंटित किए गए थे।
इसके बावजूद एक सप्ताह में कुछ कर्मचारियों ने कोई वसूली नहीं की। इस पर 12 आउटसोर्स कर्मचारियों को नगर निगम की सेवाओं से हटाने की कार्रवाई की गई।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के अनुसार ओटीएस में अब तक 21,229 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनके सापेक्ष 63.75 करोड़ रुपये की मांग सृजित की गई है।
योजना से 19,847 भवन स्वामी लाभान्वित हुए हैं और उन्हें 22.30 करोड़ रुपये की ब्याज माफी दी गई है। इसके बावजूद अब तक केवल 7.20 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली हो सकी है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए नवंबर के अंत तक आवंटित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। लक्ष्य पूरा नहीं होने पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने की चेतावनी दी।