विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

100 से ज्यादा बंदर पिंजरे में: बरेली में बंदरों को पकड़ने की मुहिम शुरू, जानिए किस जंगल में छोड़े जा रहे

Published: Tue, 20 Oct 2026 04:08 PM (IST)

बरेली नगर निगम ने शहर में बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने के लिए अभियान शुरू किया है, जिसमें अब ...और पढ़ें

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में पिंजरे में बंद बंदर। जागरण

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में पिंजरे में बंद बंदर। जागरण

जागरण संवाददाता, बरेली। शहर में आमजन के लिए चिंता का सबब बने बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने शनिवार से अभियान शुरू कर दिया। दावा किया जा रहा है कि इसी सप्ताह वार्ड-वार बंदरों को पकड़ने का रोस्टर भी जारी किया जाएगा।

रोस्टर जारी होने के पहले तक शिकायतों पर ही टीम कार्रवाई करती रहेगी। तीन दिन पहले शुरू हुए अभियान में अब तक 100 से अधिक बंदरों को पिंजरे के अंदर किया गया।

शहर के सिविल लाइंस, आलमगिरिगंज, शास्त्रीनगर, राजेंद्रनगर, आवास विकास, मिनी बाइपास बसंत विहार कालोनी, कालीबाड़ी समेत अन्य इलाकों में बंदरों का उत्पात लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।

छतों पर रखे सामान को नुकसान पहुंचाने, खाने-पीने की वस्तुएं उठा ले जाने और लोगों पर झपटने की आशंका के बीच बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा की चिंता सताती रहती है।

इसको लेकर नगर निगम बोर्ड में भी पार्षदों ने अधिकारियों को कटघरे में खड़ा करते हुए अभियान चलाने की मांग उठाई थी। शनिवार से नगर निगम पशु कल्याण विभाग ने बंदरों को पकड़ने का काम शुरू कर दिया।

पशु कल्याण अधिकारी डाॅ. हरपाल सिंह ने बताया कि, वर्तमान में जिन क्षेत्रों में अधिक शिकायतें हैं वहां टीम भेजकर बंदरों को पिंजरे के अंदर कराया जा रहा है।

संभावना जताई कि इसी सप्ताह वार्ड-वार अभियान चलाने के लिए रोस्टर जारी कर दिया जाएगा। इसके लिए नगर निगम की ओर से टोल फ्री नंबर-1533 जारी किया गया है।

बताया कि बंदरों को पकड़कर पीलीभीत-शाहजहांपुर के जंगल में छोड़ने को लेकर चल रहा विवाद भी वन विभाग ने सुलझा लिया है। वन विभाग के प्रस्ताव पर पकड़े जा रहे बंदरों को बरेली वन प्रभाग के अंतर्गत फरीदपुर रेंज खल्लपुर कपूरपुर में छोड़ा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 3 मौतों के बाद भी 5 बार अटकी फाइल! बरेली में रामगंगा पुल के लिए अब कमिश्नर ने संभाली कमान