विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपोत्सव से पहले बरेली वासियों को बड़ा तोहफा! 5.33 करोड़ से बाकरगंज समेत 82 सड़कों की बदलेगी सूरत

Published: Tue, 03 Nov 2026 01:19 PM (IST)

बरेली में दीपोत्सव से पहले 82 सड़कों का सुधार कार्य शुरू होगा, जिसमें बाकरगंज क्षेत्र की सड़कों पर 5.33 करोड़ ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. एनकैप से शहर के अलग-अलग वार्डों में सड़क निर्माण और सुधार के 82 कार्यों का वर्कआर्डर जारी

जागरण संवाददाता, बरेली। दीपोत्सव से पहले शहर की बदहाल सड़कों को सुधारने की कवायद तेज हो गई है। नगर निगम राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकैप) के बजट से शहर के अलग-अलग वार्डों में 82 सड़क निर्माण और सुधार कार्य कराने जा रहा है। इसमें बाकरगंज की दो प्रमुख सड़कों से लेकर स्वालेनगर, राजेंद्रनगर, नकटिया, सुभाषनगर और पीलीभीत रोड से जुड़े मार्ग शामिल हैं। कई स्थानों पर सीसी सड़कें बनाई जाएंगी तो कहीं हाटमिक्स से सड़क सुधार और फुटपाथ का निर्माण होगा।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के अनुसार एनकैप परियोजना के तहत सड़क निर्माण और सुधार के लिए अलग-अलग चरणों में कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें कई कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कुछ के वर्कआर्डर भी जारी किए जा चुके हैं।

बाकरगंज क्षेत्र में सबसे बड़े कार्यों में दो सड़कें शामिल हैं। बाकरगंज चौकी चौराहे से बिस्मिल्लाह टेलर्स और मुर्शफ अली के घर होते हुए रेलवे लाइन तक सीसी सड़क और फुटपाथ निर्माण पर 2.62 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

वहीं बाकरगंज चौकी से आरिफ खान की मोबाइल दुकान और अजहरी होटल के पास रेलवे लाइन तक सड़क निर्माण पर 2.71 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है।

इसी तरह, माडल चौकी के पास प्राथमिक विद्यालय रोड का चौड़ीकरण, शहीद भगत सिंह पार्क के चारों ओर सड़क का चौड़ीकरण और दरगाह मंदिर के गेट तक सीसी साइड पटरी निर्माण पर 2.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

स्वालेनगर में रामपुर रोड से रेलवे क्रासिंग होते हुए नवदिया मोड़ तक सड़क और फुटपाथ निर्माण के लिए दो करोड़ का प्रविधान है। आवास विकास राजेंद्रनगर में भी कई प्रमुख मार्गों और लिंक गलियों का सुधार होगा।

आइवीआरआइ रोड से जुड़े मार्गों के साथ शांति वाटिका गेट नंबर तीन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क के आसपास सड़क सुधार और फुटपाथ निर्माण पर 2.28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।

वहीं महेशपुर अटरिया प्राथमिक विद्यालय से रेलवे क्रासिंग होते हुए रौठा गांव तक सड़क और फुटपाथ निर्माण पर 2.83 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

नगर आयुक्त के अनुसार सभी सड़कों के लिए कार्यदायी एजेंसियों को वर्कआर्डर जारी किए जा चुके हैं। प्रयास है कि दीपोत्सव से पहले अधिक से अधिक स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू करा दिए जाएं। इससे बदहाल सड़कों पर आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: जनसुनवाई में लापरवाही पड़ी भारी, सिर फूटने पर भी केस दर्ज न करने पर थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।