विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में MLC चुनाव परिणाम तय करेगा सपा नेताओं का भविष्य, विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल लड़ रही पार्टी

Published: Thu, 22 Oct 2026 01:21 PM (IST)

समाजवादी पार्टी बरेली में एमएलसी चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर लड़ रही है, जिससे नेताओं का भविष्य तय होगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सपा एमएलसी चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मान रही।

  2. संगठन के कुछ शिक्षकों की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे।

  3. नकारात्मक परिणाम से ओहदेदारों की कलई खुलने की आशंका है।

जागरण संवाददाता, बरेली। शिक्षक एमएलसी चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर लड़ रही समाजवादी पार्टी ने चुनाव प्रभारियों से लेकर संगठन के पदाधिकारी भी लगाए गए हैं। मुकाबला सत्ताधारी पार्टी के उम्मीदवार से है, इसलिए पीडीए की ताकत पर भरोसा जताया जा रहा है।

जिम्मेदार सब कुछ ठीक होने का दावा तो कर रहे हैं, लेकिन संगठन से जुड़े कुछ शिक्षकों की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। चुनाव परिणाम सकारात्मक आने पर सभी कमियां दब जाएंगी, लेकिन नकारात्मक परिणाम आने पर ओहदेदारों की कलई खुल जाएगी।

बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन में आगामी शुक्रवार को मतदान होना है। समाजवादी पार्टी से मैदान में उतरे हाजी दानिश अख्तर को जिताने के लिए मंडलीय चुनाव प्रभारी से लेकर जिला स्तरीय चुनाव प्रभारी बनाए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मीटिंगों का दौर तो चलता रहा है, लेकिन हाल ही में पार्टी कार्यालय पर चुनाव को लेकर हुई बैठक में संगठन से जुड़े शिक्षक नेताओं की भागीदारी पर सवाल उठाए गए। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर 10-10 लोगों को लगाया गया है, क्षेत्रीय स्तर पर जिम्मेदारी संभाल रहे एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने सवाल दाग दिया कि उनके क्षेत्र में 10 लोग लगे हैं तो मीटिंग में दो ही लोग क्यों उपस्थित हैं?

कोई ठोस जवाब नहीं मिला

इतना ही नहीं, यह भी कहा कि जिस चुनाव में शिक्षक ही मतदाता हैं तो प्रमुख जिम्मेदारी शिक्षक नेताओं पर ही होनी चाहिए थी। जिला कमेटी के पदाधिकारियों के परिवार के शिक्षकों की भूमिका के बारे में भी सवाल किए गए, लेकिन इसका कोई ठोस जवाब नहीं मिला। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हो रहे इस चुनाव का परिणाम पार्टी के जिम्मेदारों का ओहदा बढ़ा और घटा सकता है।

जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव का कहना है कि शिक्षक एमएलसी चुनाव में प्रदेश कार्यालय से नियुक्त किए गए प्रभारियों के अलावा जिला स्तर से भी विधानसभा क्षेत्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। पीडीए से हर वर्ग के लोगों का जुड़ाव बढ़ा है, सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- नवाबगंज विधानसभा सीट पर बढ़ गईं सियासी सरगर्मियां, विरोध के बावजूद डॉ. मीनाक्षी को मिली कुर्सी

यह भी पढ़ें- शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के ल‍िए तैयारी पूरी, मीरजापुर जीआईसी से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां