बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम की जान को खतरा! निजी सचिव को फोन कर दी 'निपटाने' की धमकी, 3 पर केस दर्ज
बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम की जान को खतरा है, उनके निजी सचिव को कथित पत्रकारों ने फोन पर ...और पढ़ें

मेयर डॉ. उमेश गौतम
HighLights
निजी सचिव प्रद्युमन ने दो कथित पत्रकारों पर फोन पर धमकाने का लगाया आरोप
इसी से संबंधित एक अन्य केस भी तीन कथित पत्रकारों पर कोतवाली में कराया गया दर्ज
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली के महापौर डा. उमेश गौतम की जान को खतरा है। उनके निजी सहयोगी प्रदुमन वात्स्यायन ने दो कथित पत्रकारों पर फोन पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसी मामले से संबंधित एक और प्राथमिकी तीन कथित पत्रकारों पर कराई गई है। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है। महापौर को आठ वर्ष पहले ईमेल के जरिए भी धमकी मिली थी। वह मेल स्विटजरलैंड से आया था।
प्रदुमन ने पुलिस से शिकायत की कि रात में उन्हें अलग-अलग दो नंबरों से फोन आए, जिसमें एक ने अपना नाम मोहित उप्रेती और दूसरे ने संजीव अग्रवाल और खुद को पत्रकार बताया।
दोनों ने कहा कि उनके नंबर से कुमार विनय ने काल की है, तो उन्होंने तुरंत मना करते हुए कहा कि उनका नंबर उनके पास ही रहता है और उन्होंने किसी को कोई काल नहीं की। इस पर दोनों ने उन्हें फोन पर धमकी दी।
पीछे से आवाज सुनाई दे रही थी कि इसे तो निपटा देंगे। उन्हें लगता है कि महापौर की लोकप्रियता की वजह से असामाजिक तत्व उनके विरुद्ध षड्यंत्र कर रहे हैं, जिससे महापौर व उनकी जान को खतरा है।
वहीं एक अन्य प्राथमिकी पत्रकार कुमार विनय ने कोतवाली में मोहित उप्रेती, संजीव अग्रवाल व अखिलेश कुमार के विरुद्ध दर्ज कराई है। कुमार विनय ने पुलिस को बताया कि 11 नवंबर की शाम उनके पास दो नंबरों से फोन आया।
दोनों ने अपने नाम मोहित उप्रेती व अखिलेश कुमार बताया। उन्होंने दीपावली से एक दिन पहले महापौर के कैंप आफिस में बांटे गए गिफ्ट को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्हें महापौर का पीआरओ समझकर धमकाया।
इसके बाद उनका व महापौर का फोटो लगाकर लोक आवाज डाट काम और लक्ष्य द टारगेट पर झूठी बातें लिखकर वाट्सएप के विभिन्न ग्रुपों में डाला। इसके बाद इसे हटवाने के लिए पांच लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी।
उनका आरोप है कि जान बूझकर उनकी व महापौर की छवि धूमिल करने के लिए ऐसा किया गया है। लक्ष्य द टारगेट किसी संजीव अग्रवाल का है। एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों मामलों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।