विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हादसे ने छीना... लगा कृत्रिम हाथ, पानी पीते ही छलक उठीं आंखें

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:35 PM (IST)

रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ ने दिव्यांगजनों को बैटरी चालित कृत्रिम हाथ वितरित किए, जिससे हाकिम सिंह जैसे कई लोगों को 36 साल बाद नई जिंदगी और रोजमर्रा के काम करने की क्षमता मिली। यह शिविर पुणे की इनाली फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया।

कृत्रिम हाथ से पानी पीते हुए हाकिम सिंह और प्लेट में रखा खीरा खाते हसन कासिम शेख। जागरण

कृत्रिम हाथ से पानी पीते हुए हाकिम सिंह और प्लेट में रखा खीरा खाते हसन कासिम शेख। जागरण

HighLights

  1. कोल्हू मशीन में बचपन में गंवाया था हाथ, अब बैटरी चालित कृत्रिम हाथ से कर सकेंगे रोजमर्रा के काम

जागरण संवाददाता, बरेली। जिंदगी में कुछ पल ऐसे होते हैं, जो वर्षों से मन में दबे दर्द को खुशी के आंसुओं में बदल देते हैं। खुदागंज निवासी 39 वर्षीय हाकिम सिंह के लिए शनिवार का दिन ऐसा ही रहा। बचपन में कोल्हू मशीन में हाथ गंवाने के 36 साल बाद जब उनकी हथेली में बैटरी चालित कृत्रिम हाथ लगाया गया तो वह भावुक हो उठे।

पहली बार कृत्रिम हाथ से पानी का गिलास उठाकर पीते हुए उनकी आंखों में खुशी और उम्मीद दोनों झलक रही थीं।यह नजारा रोटरी भवन में रोटरी क्लब आफ बरेली साउथ के दिव्यांगजनों को बैटरी चालित कृत्रिम हाथ वितरण कार्यक्रम में दिखा।

हाकिम सिंह ने बताया कि वर्ष 1990 में कोल्हू मशीन में उनका हाथ दब गया था। हादसे में कलाई के आगे का हिस्सा कट गया। उस समय वह छोटे थे। बचपन और स्कूल की यादें साझा करते हुए उन्होंने बताया कि हाथ न होने के कारण कई बार लोग अनजाने में उनका मजाक उड़ाते थे।

इससे उन्हें दुख होता था। रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम करने में भी काफी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि शरीर का कोई अंग न होना कितना पीड़ादायक होता है, यह वही समझ सकता है जिसने इस दर्द को सहा हो।

शिविर में हाकिम को कृत्रिम हाथ लगाया गया। वर्षों बाद हाथ की कमी पूरी होने का एहसास उनके लिए किसी नई जिंदगी से कम नहीं था। शिविर में धौरा टांडा निवासी भानु प्रताप सिंह को भी कृत्रिम हाथ लगाया गया।

वर्ष 1984 में थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से उनका हाथ कंधे से कट गया था। लंबे समय तक हाथ के बिना जीवन बिताने के बाद अब उन्हें भी नई उम्मीद मिली है।

भोजन करने से वाहन चलाने तक हुए सक्षम

रोटरी क्लब की पुणे शाखा से जुड़े पुणे के लातूर निवासी हसन कासिम शेख बताते हैं कि 1999 में उनका एक हादसे में हाथ चला गया। 2014 में संस्था ने कृत्रिम हाथ लगाया, जिसके बाद वह संस्था से जुड़ गए।

मन में उद्देश्य दिव्यांगजन को पूर्ण सक्षण होने की अनुभूति कराना। यही कारण है कि वह कृत्रिम अंग लगाने के बाद प्रशिक्षण देते हैं। इसमें ब्रश करना, वाहन चलाना, रोटी बनाना, भोजन करना, कंघी करना तक दिखाया और सिखाया जाता है।

इनका रहा सहयोग

इनाली फाउंडेशन और रोटरी क्लब आफ पुणे डाउनटाउन के सहयोग से आयोजित शिविर में 30 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित कृत्रिम हाथ प्रदान किए गए। इस विशेष सेवा प्रकल्प के लिए पुणे से प्रदीप मुनोत और शिवा की टीम बरेली पहुंची।

इस दौरान रोटरी क्लब आफ बरेली साउथ से रवि प्रकाश अग्रवाल, क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल, डा. रवि मेहरा, डा. आइएस तोमर, संजय गर्ग, ध्रुव तिलक, प्रदीप मधवार, अनुपम कपूर, अनिल अग्रवाल आदि सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- बरेली में बनेंगे 3 नए बस कॉरिडोर, हर 500 मीटर पर मिलेगा स्टॉप; एयरपोर्ट से जंक्शन तक दौड़ेंगी 370 बसें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।