विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Big News: झुमका तिराहे पर जल्द शुरू होगा फ्लाईओवर का निर्माण, संस्था तय, NH-30 पर बनेगा लॉजिस्टिक मार्ग

Published: Thu, 05 Nov 2026 10:59 PM (IST)

बरेली में औद्योगिक क्षेत्रों के विकास और बुनियादी सुविधाओं के सुधार पर तेजी से काम होगा। झुमका तिराहे पर फ्लाईओवर ...और पढ़ें

झुमका चौराहा

झुमका चौराहा

HighLights

  1. परसाखेड़ा में जलभराव की समस्या का होगा समाधान, हर माह की जाएगी बैठक

जागरण संवाददाता, बरेली। शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द काम शुरू होगा। जीरो प्वाइंट झुमका तिराहे पर फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। वित्तीय बिड खुलने के बाद कार्यदायी संस्था की नियुक्ति भी कर दी गई है।

जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं, एनएच-30 से सथरापुर होते हुए एफसीआइ गोदाम तक के मार्ग को लाजिस्टिक योजना में शामिल किया गया है। बजट जारी होते ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।

गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एनएच-30 से सथरापुर होते हुए एफसीआइ गोदाम तक मार्ग निर्माण को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में लाजिस्टिक योजना के तहत प्रस्तावित किया गया है। इसमें जल निकासी के लिए नाली निर्माण भी शामिल है।

प्रस्ताव को मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। बजट प्राप्त होते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा। रिछा रेलवे क्रासिंग के दोनों ओर 100-100 मीटर खड़ंजा निर्माण के संबंध में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि निविदा प्रक्रिया चल रही है।

औपचारिकताएं पूरी कर जल्द निर्माण कराया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक और वन विभाग को संयुक्त जांच कर समाधान निकालने के निर्देश दिए।

इसके अलावा नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण से संबंधित औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के निस्तारण के लिए हर महीने बैठक आयोजित करने को कहा। इससे उद्यमियों को विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सकेगा।

बैठक में उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप आइटीआइ में प्रशिक्षित विद्यार्थियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया। प्रधानाचार्य आइटीआइ, उपायुक्त उद्योग और संयुक्त आयुक्त उद्योग को आपसी समन्वय से प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, जिससे स्थानीय युवाओं को उद्योगों में रोजगार मिल सके।

वहीं, जीएसटी विभाग और मंडी समिति को टैक्स प्रवर्तन की कार्रवाई की प्रगति का ब्योरा आगामी मंडलीय समीक्षा बैठक से पहले उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान, यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक मंसूर कटियार सहित विमल रेवाड़ी, शरद अग्रवाल, गुरप्रीत सिंह, राजेश गुप्ता, मो. आरिफ और रजत मल्होत्रा आदि उद्यमी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बरेली नगर निगम की OTS योजना पर उठे सवाल: ₹36.95 करोड़ की मांग के मुकाबले सिर्फ 12% वसूली!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।