Bareilly: फर्जी आधार-पैन कार्ड और करोड़ों के लेनदेन का आरोप, गैंगस्टर शेर अली जाफरी की जांच को सीतापुर जाएगी पुलिस
गैंगस्टर शेर अली जाफरी पर पूर्व कर्मचारी योगेश गुप्ता ने फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाकर सीतापुर में जमीन की ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
एसपी सिटी ने मामले की जांच सीओ द्वितीय को सौंपी, सीओ की रिपोर्ट के बाद प्राथमिकी दर्ज कर की जाएगी कार्रवाई
जागरण संवाददाता, बरेली। डीफार्मा में फर्जी प्रवेश देकर छात्रों से ठगी करने वाले गैंग्सटर शेर अली जाफरी की मुश्किलें अब बढ़ने वाली हैं। उस पर पूर्व कर्मचारी योगेश गुप्ता ने फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाकर सीतापुर में जमीन की रजिस्ट्री कराने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
एसपी सिटी चिराग जैन ने मामले की जांच सीओ द्वितीय नितिन कुमार को सौंपी है। अब पुलिस टीम फर्जी आधार कार्ड से ट्रस्ट डीड की जांच के लिए सीतापुर भी जाएगी। सीओ की जांच रिपोर्ट के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
डीफार्मा की फर्जी डिग्री देकर छात्रों से धोखाधड़ी करने वाले खुसरो कालेज के चेयरमैन शेर अली जाफरी को दो वर्ष पहले बेटे सहित गिरफ्तार किया गया था। जनवरी 2025 में उस पर गैंग्सटर की कार्रवाई की गई थी।
इसके कुछ महीने बाद ही वह जमानत पर छूटकर आ गया था। अब उसके गनर रहे सीबीगंज के योगेश गुप्ता ने उस पर वेतन न देने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की है। आरोप लगाया कि आरोपित ने दो फर्जी अलग-अलग पैन कार्ड और दो आधार कार्ड बनाए हैं।
इसके अलावा एक ट्रस्ट डीड बनायी है, जिसका रजिस्ट्रेशन पांच जून 2015 को उप निबंधक कार्यालय सिंदौली जिला सीतापुर में फर्जी पैनकार्ड व आधार कार्ड से कराया गया।
इसके अलावा फर्जी अकाउंट भी इन्हीं दस्तावेज से बरेली में खुलवाया गया, जिसमें उसने करोड़ों का लेनदेन किया है। इसमें उसने अपने नाम की स्पेलिंग और पिता के नाम और जन्मतिथि में बदलाव किया है।
एक आधार कार्ड लखनऊ के पते पर बनाया गया। आरोप है कि शहजादी बरात घर सनइया रानी सीबीगंज बरेली में अपने डिग्री कालेज के अंदर बिना पंजीकरण के चल रहा है। इसके अलावा एक एकेडमी भी फर्जी तरीके से संचालित हो रही है।
एक फर्जी शिक्षिका की भी नियुक्ति का आरोप है। वह गलत लैटर पैड इस्तेमाल कर खुद को भाजपा का नेता बता रहा है। उस पर गैंग्सटर की कार्रवाई की गई, लेकिन संपत्ति जब्तीकरण नहीं किया गया।
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि योगेश गुप्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच सीओ सिटी द्वितीय कर रहे हैं। सीतापुर में जमीन की रजिस्ट्री फर्जी आधार कार्ड से कराने के आरोप की जांच के लिए टीम सीतापुर भी भेजी जाएगी। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।