'ईसाई बनो या 25 लाख लाओ': बरेली में शादी के बाद महिला पर मतांतरण का दबाव, मना करने पर घर से निकाला
बरेली में एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर दहेज और मतांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इनकार करने ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
पुलिस ने महिला के पति, सास, जेठ समेत आठ पर दर्ज की प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, बरेली। दहेज में कार या 25 लाख की मांग पूरी न करने पर महिला पर मतांतरण करने का दबाव बनाया गया। जब महिला ने इनकार किया तो उसे घर से निकाल दिया। महिला के ससुराल वालों पर हिंदू लोगों को बहकावे में लेकर ईसाई धर्म में मतांतरण करने का भी आरोप लगा है। बारादरी थाना पुलिस ने महिला के पति, सास समेत आठ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बाग अहमद अली चौराहा निवासी सतीश चंद्रा ने पुलिस से शिकायत की कि वर्ष 2024 में उनकी रिश्तेदार महानगर कालोनी निवासी हंसो देवी ने उनकी बेटी शोभना से अपने बेटे मोहित की शादी का प्रस्ताव रखा था।
दोनों पक्षों की सहमति से विवाह की तारीख 19 अप्रैल 2024 रखी गई थी। विवाह से लगभग एक माह पूर्व हंसों देवी व उसके परिवार ने कहा कि हम ईसाई धर्म स्वीकार कर चुके हैं, इसलिए शादी ईसाई रीति रिवाज से करनी होगी।
इस पर उन्हाेंने आपत्ति जताई तो हंसो देवी व उसके परिवार वालों ने शादी से इनकार दिया। रोका होने, पांच लाख रुपये नकद देने और शादी का इंतजाम हो जाने की वजह से उन्होंने मजबूरी में हां कर दी।
विवाह से तुरंत पहले दहेज की मांग की गई। इसके बाद उनकी बेटी की शादी ईसाई रीति रिवाज से फ्लोरा गार्डन में हुई जिसमें उन्होंने लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए। जिसमें कार, पांच लाख नकद सहित अन्य सामान भी दिया।
आरोप है कि शादी के तुरंत बाद उसके ससुराल वाले शोभना को कम दहेज का ताना मारने लगे और कहने लगे कि स्कार्पियो या सफारी कार या 25 लाख रुपये नकद लाओ।
इसके बाद शोभना को उसका पति मोहित, सास हंसो देवी, जेठ रोहित, ननद निशी, ऐश्वर्या उर्फ दीप्ति, नंदोई जैकव, मौसी सास मोहिनी, मौसा ससुर महेन्द्र, प्रताड़ित करने लगे।
शोभना को पता चला कि उसके ससुराल वाले हिंदू लोगों को बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म में मतांतरण कराते हैं। जानकारी पर उन्होंने शोभना के ससुराल वालों से बात करने की कोशिश की तो सभी ने कहा कि वह लोग भी ईसाई धर्म स्वीकार करें, नहीं तो उनकी बेटी को नहीं रखेंगे।
जब मतांतरण की बात से इनकार किया तो मारपीट की कोशिश की। 10 जनवरी 2025 को शोभना के पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया। उन्होंने कई बार रिश्तेदारों के माध्यम से समझौते का प्रयास किया लेकिन नहीं मानें।
