विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Voter List: बरेली में 31 हजार से ज्यादा नए वोटर जुड़े, लिस्ट में नाम नहीं है तो नोट कर लें ये 4 तारीखें

By Digital DeskEdited By: Anshul Bhartariya
Published: Tue, 17 Nov 2026 01:56 PM (IST)

बरेली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में 31,695 नए वोटर जुड़े हैं, जिससे जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 29.80 लाख ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

जागरण संवाददाता, बरेली। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। नई सूची में 31,695 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।

इसके साथ ही जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 29,80,682 हो गई है। खास बात यह है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से अब तक जिले में 2,57,920 नए मतदाता जुड़े हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही मंगलवार से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 16 दिसंबर तक चलेगी।

इस दौरान जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे फार्म-6 भरकर नाम दर्ज करा सकते हैं। वहीं, नाम, पता और अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर संशोधन कराया जा सकेगा।

अपात्र या मृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए निर्वाचन आयोग ने नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहकर मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करेंगे।

विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और ऐसे पात्र नागरिकों पर फोकस रहेगा, जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली एयरपोर्ट पर हवा में अटकी 171 यात्रियों की सांसें! दो बार कोशिश के बाद भी नहीं उतरी फ्लाइट, दिल्ली डायवर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।