शादी में 25 लाख कैश और 12.5 तोला सोना भी पड़ा कम, 15 लाख के लिए गर्भवती बहू को पीटकर घर से निकाला
बरेली के इज्जतनगर में एक विवाहिता को 15 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एआई इमेज
HighLights
इज्जतनगर थाने में पति, सास-ससुर समेत सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, बरेली। दहेज में 25 लाख नकद और लाखों के जेवर देने के बाद भी ससुराल वालों की मांग कम नहीं हुई। 15 लाख और लाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। विवाहिता के शिकायती पत्र के आधार पर इज्जतनगर थाने में पति समेत सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
इज्जतनगर निवासी वंशिता सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका विवाह 23 नवंबर 2025 को दिल्ली निवासी तरुण सागर से हुआ था।
आरोप है कि शादी में पति, सास और ससुर की मांग पर 25 लाख नकद और करीब 12.5 तोला सोने के जेवर के साथ चांदी की जेवरी, फर्नीचर, फ्रिज, ओवन, एलईडी टीवी समेत अन्य सामान दिया गया था।
आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले कम दहेज लाने का ताना देने लगे। जुलाई 2026 में पति और ननद समेत अन्य आरोपितों ने 15 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया।
मांग पूरी न होने पर मारपीट और धमकी दी गई। विवाहिता ने आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान भी उसे प्रताड़ित किया गया। बाद में पति ने जेवर अपने स्वजन को देने का दबाव बनाया और धमकी भी दी गई।
प्रभारी निरीक्षक इज्जतनगर के अनुसार, विवाहिता की तहरीर पर पति तरुण सागर, सास मीना देवी, ससुर जितेंद्र सागर समेत सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- कक्षा 3 पास बरेली के इस कथावाचक के मुरीद थे मुंशी प्रेमचंद और नीम करौरी बाबा, रावलपिंडी में जुटती थी 50 हजार की भीड़