बरेली में धनतेरस और दीपावली पर बिका दो महीने का सोना, 1650 करोड़ रुपये का हुआ कारोबार
बढ़ती महंगाई के बावजूद, बरेली में दीपावली पर ₹1,500-₹1,650 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार हुआ। सराफा और ऑटोमोबाइल बाजार में भारी ...और पढ़ें

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
दीपावली पर बरेली में ₹1,500-₹1,650 करोड़ का कारोबार।
सराफा बाजार में दो माह का सोना दो दिन में बिका।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी ₹400 करोड़ की बिक्री हुई।
जागरण संवाददाता, बरेली। सोना-चांदी के आसमान छूते दाम हों या पेट्रोल की बढ़ती कीमतें, रोजमर्रा की वस्तुओं की महंगाई हो या घरेलू बजट का बिगड़ता हिसाब। आम दिनों में ये सभी बातें लोगों की चिंता बढ़ाती रहीं, लेकिन दीपावली के उल्लास के आगे महंगाई का दर्द भी फीका पड़ गया।
पर्व की खुशियों और परंपराओं ने लोगों को दिल खोलकर खरीदारी करने के लिए प्रेरित किया। धनतेरस से दीपावली तक सराफा और आटोमोबाइल बाजार में करीब 750 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं 400 करोड़ की मिठाई और 125 करोड़ रुपये के पटाखे लोगों ने छुड़ा दिए। वहीं कुल अनुमानित बाजार 1,500 करोड़ से 1,650 करोड़ रुपये का रहा।
सर्राफा बाजर में सोना-चांदी की चमक सबसे अधिक रही। कीमतें ऊंचे स्तर पर होने के बावजूद लोगों ने खरीदारी में कमी नहीं की। धनतेरस से दीपावली तक करीब 350 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य उत्पादों की बिक्री हुई।
उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र अग्रवाल के मुताबिक, इतनी बड़ी बिक्री सामान्य दिनों में दो से तीन महीने में होती है। परंपरागत खरीदारी के साथ निवेश के लिहाज से भी लोगों ने सोने-चांदी को प्राथमिकता दी। महिलाओं ने आभूषण खरीदे तो युवाओं ने हल्के वजन के गहनों में दिलचस्पी दिखाई।
ऑटोमोबाइल बाजार में भी रौनक
जिले में दो पहिया वाहनों में हीरो की तीन, होंडा की तीन, टीवीएस की तीन, बजाज की दो, बुलेट की तीन एजेंसी हैं। इलेक्ट्रिक बाइक की करीब 10 एजेंसी अलग-अलग कंपनियों की उपलब्ध हैं। कार बाजार की बात की जाए तो शहर में कुल 12 एजेंसी शोरूम अलग-अलग कंपनियों के हैं।
धनतेरस से दीपावली तक करीब 900 कारें और 1,600 दोपहिया वाहन बिके। इससे आटोमोबाइल बाजार में लगभग 400 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। कारों की डिलीवरी लेने के लिए शोरूम में ग्राहकों की भीड़ रही। वहीं, बाइक और स्कूटी खरीदने वालों में युवाओं और नौकरी पेशा लोगों की संख्या अधिक रही।
घर की सजावट से लेकर मिठाइयों तक खूब हुई खरीदारी
शहरवासियों ने घर की सजावट से लेकर पूजन सामग्री और खानपान तक पर जमकर खर्च किया। बाजार में मिट्टी के दीये, मोमबत्ती, रंगोली, फूल-मालाएं, बंदनवार, बिजली की झालर और सजावटी लाइटों की खूब बिक्री हुई।
घरों को रोशन करने के लिए लोगों ने रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावटी सामान को प्राथमिकता दी। गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों, खील-बताशे, खिलौने, रुई, घी, तेल, धूप-अगरबत्ती और पूजा की थालियों की दुकानों पर भी भीड़ रही।
मिठाई और ड्राई फ्रूट के बाजार में भी खूब रौनक दिखाई दी। लोगों ने परिवार और रिश्तेदारों को उपहार देने के लिए मिठाई के डिब्बे, चाकलेट, काजू-बादाम और गिफ्ट पैक खरीदे। कपड़ा बाजार में नए परिधान, साड़ी, कुर्ते और बच्चों के कपड़ों की मांग रही। वहीं बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की भी खरीदारी हुई।
अनार से चकरी तक पटाखों ने किया आकर्षित
आतिशबाजी के बाजार में भी खूब रौनक रही। पटाखों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई। बच्चों और युवाओं में आतिशबाजी को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।
लोगों ने अनार, फुलझड़ी, चकरी, राकेट, रंगीन रोशनी वाले पटाखे और विभिन्न प्रकार के ग्रीन पटाखों की खरीदारी की। वहीं, परिवारों ने बच्चों की पसंद और बजट के अनुसार आतिशबाजी खरीदी। दुकानदारों के अनुसार, दीपावली के दिन बिक्री में तेजी रही। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा।
- 1,650 करोड़ रुपये का रहा कुल अनुमानित बाजार।
- 400 करोड़ रुपये का रहा आटोमोबाइल बाजार।
- 400 करोड़ रुपये रहा मिष्ठान कारोबार।
- 350 करोड़ की सोना-चांदी की खरीदारी।
- 125 करोड़ रुपये के पटाखों की हुई बिक्री।
- 1,600 दोपहिया वाहन बिके धनतेरस से दीपावली तक।
- 900 कारें सड़क पर उतरीं त्योहार के दौरान।
यह भी पढ़ें- Gold Silver Price Today: दीवाली के बाद चमक उठा सोना-चांदी, कितने बढ़े दाम? खरीदने से पहले चेक करें ताजा रेट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।