बाजार में आई जादुई झालर: गानों की धुन पर बदलेगी लाइट, मोबाइल से होगी कंट्रोल; कीमत सिर्फ ₹12 से शुरू
बरेली के बाजार में दीपावली के लिए मोबाइल से नियंत्रित होने वाली और गानों की धुन पर चमकने वाली नई ...और पढ़ें

बरेली में दिवाली पर सजावाट के लिए बाजार में बिक रही कंडील
HighLights
12 रुपये से 600 रुपये तक के नए उत्पाद दीपावली के बाजार में उपलब्ध
जागरण संवाददाता, बरेली। दीपावली पर नई तकनीक ने बाजार को और रंगीन बना दिया है। घरों की सजावट और रोशनी के आइटम पहले से अधिक आकर्षित करने के साथ ही आधुनिक भी हुए हैं। घर के अंदर लगने वाले झूमर हो या फिर बाहर से दीवारों को रोशन करने वाली झालरें, अब सब आपके मोबाइल फोन से ही जलेंगे और बंद होंगे। गानों की धुन पर लाइटें चमकती नजर आएंगी। बाजार में आकर्षित करने वाले यह आइटम लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं।
दीप पर्व को लेकर शहर के सिविल लाइंस, रोडवेज बाजार, बड़ा बाजार, कुतुबखाना, डीडीपुरम, राजेंद्र नगर, संजयनगर, सुभाषनगर आदि में बाजार सज गया है। बाजार में इस बार घरों और प्रतिष्ठानों को रोशनी से सजाने के लिए झूमर और झालरों की नई वैरायटी आई है।
इनमें मोबाइल फोन एप से संचालित होने वाली लाइटें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। खास बात यह है कि मोबाइल फोन में चलने वाले गानों की धुन के अनुसार इनकी रोशनी और चमक भी बदलती रहती है।

नावल्टी चौराहे के पास रोडवेज मार्केट में इन दिनों सजावटी लाइटों की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। यहां सबसे खास केकड़ा लाइट 350 रुपये में उपलब्ध है, जबकि स्ट्रिप लाइट 500 रुपये में पांच मीटर मिल रही है।
दुकानदारों के मुताबिक मोबाइल ऐप से संचालित होने वाली इन लाइटों की मांग युवाओं में अधिक है। इसके अलावा क्रिस्टल झूमर 350 रुपये, मल्टीकलर झालर 300 रुपये और दीपक वाली झालर 100 रुपये में उपलब्ध है।
विक्रेता साहिल दक्ष ने बताया कि बाजार में इस बार नई वैरायटी के उत्पाद ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। गुजराती झूमर भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है।
घंटी वाली चेन झूमर 12 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, बैटरी से चलने वाली दो मीटर लंबी झालर 20 रुपये में मिल रही है। दुकानों पर 12 रुपये से लेकर 600 रुपये तक के झूमर और सजावटी लाइटें उपलब्ध हैं।
रसगुल्ला व वाटरफाल झालर की मांग
झालर बाजार में भी कई नई वैरायटी आई हैं। वाटरफाल यानी झरना झालर की कीमत 800 रुपये तक है, जबकि इसकी शुरुआती कीमत 310 रुपये है। बाजार में 40 से लेकर 1000 रुपये तक की विभिन्न रंगों और आकारों वाली झालरें बिक रही हैं।
ओल्ड रोडवेज बाजार के दुकानदार रुद्र गोयल ने बताया कि झालरों की कीमत उनके आकार और लंबाई के हिसाब से निर्धारित है। फूलों वाली झालर 15 मीटर की 120 रुपये में और रसगुल्ला झालर 30 मीटर की 280 रुपये में मिल रही है।

सात रंगों में जलने वाले दीये की कीमत 260 रुपये है। व्यवसायी सुमितकांत गोयल ने बताया कि झालर बाजार में अब थोक के साथ खुदरा बिक्री भी शुरू हो गई है। स्थानीय ग्राहकों के अलावा दूसरे जिलों के व्यापारी भी खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर से आए सरजीत सिंह और बीसलपुर से पहुंचे सिराज ने बताया कि बरेली में सजावटी लाइटें सस्ती मिल जाती हैं। इसलिए यहां से थोक में खरीदारी कर अपने क्षेत्र में बिक्री करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।