धान खरीद में प्रदेश में पहले स्थान पर बरेली मंडल
धान खरीद में बरेली मंडल ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जहां कुल 90 हजार मीट्रिक टन ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
प्रदेशभर में 90 हजार एमटी, जिसमें बरेली मंडल में 62 हजार एमटी हुई खरीद
पंजीकरण का अवरोध खत्म, किसानों को अब तक 94.20 करोड़ का भुगतान
जागरण संवाददाता, बरेली। किसान पंजीकरण में आ रहे अवरोध के बीच धान खरीद में बरेली मंडल प्रदेश में पहले स्थान पर है। अब तक समूचे प्रदेश में 90 हजार मीट्रिक टन की खरीद हुई है, जिसमें बरेली मंडल में 62 हजार मीट्रिक टन खरीद शामिल है। शासन स्तर से खरीद नीति में संशोधन कर पंजीकरण में आ रही समस्या का निदान करा दिया गया है।
अधिक से अधिक किसानों की उपज खरीदने के लिए नए क्रय केंद्र खोलने की भी प्रक्रिया चल रही है। मंडल में 565 क्रय केंद्रों पर धान खरीद की जा रही है। मंडल का लक्ष्य 7,92,500 एमटी दिया गया है।
समर्थन मूल्य सामान्य धान 2,441 रुपये और ग्रेड ए धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित कर 13 अक्टूबर से खरीद शुरू की जा चुकी है। शुरूआती दिनों में पंजीकरण में आ रही समस्या के चलते क्रय केंद्रों पर खरीद की गति बेहद धीमी रही।

वजह, पंजीकरण के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य की गई थी, लेकिन फार्मर रजिस्ट्री में खामियों के चलते पंजीकरण कराने पर किसानों के गाटा नंबर ही गायब मिल रहे थे।
मामला शासन स्तर तक पहुंचने पर खरीद नीति में संशोधन कर किसान को अपनी लागिंग आइडी से फार्मर रजिस्ट्री में संशोधन की छूट दी गई। इसके बाद पंजीकरण बढ़ा और खरीद में तेजी आई है।
धान की तौल कराने के साथ अब तक किसानों को 94.20 करोड़ का भुगतान कराया जा चुका है। पिछली साल की तरह पंजीकरण कराने का भी विकल्प दिया गया।
क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी ने बिचौलियों पर अंकुश लगाने के लिए ठेकेदार और ठेकेदार के प्रतिनिधि का भी आधार कार्ड सत्यापन अनिवार्य किया है। वर्तमान में मंडल की स्थिति प्रदेश में प्रथम है, इसे बनाए रखना अधिकारियों के लिए चुनौती रहेगी।
मंडल के चारों जिलों में क्रय केंद्रों पर धान की नियमित तौल कराई जा रही है। विपणन विभाग के अधिकारियों के अलावा तहसील स्तर पर एसडीएम और तहसीलदार भी निगरानी कर रहे हैं। धान की तौल कराने के साथ त्वरित भुगतान कराया जा रहा है। समन्वित प्रयास से ही बरेली मंडल प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंचा है।
- राजेश कुमार उपाध्याय, क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी
यह भी पढ़ें- बरेली एयरपोर्ट पर हवा में अटकी 171 यात्रियों की सांसें! दो बार कोशिश के बाद भी नहीं उतरी फ्लाइट, दिल्ली डायवर्ट