जिला अस्पताल से 'फिल्म स्टाइल' में फरार हुई महिला बंदी, बेटों ने बुर्के से रचा पूरा प्लान; 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड
जिला अस्पताल से पुलिस अभिरक्षा से महिला बंदी ममता अपने बेटों की मदद से बुर्का पहनकर फरार हो गई। इस ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
HighLights
दिन में मिलने आए दोनों बेटों पर भगाने का शक, बाथरूम में पहले से रखा गया था बुर्का
जागरण संवाददाता, बरेली। जिला अस्पताल से पुलिस अभिरक्षा से फरार महिला बंदी ममता और उसे भगाने में मदद करने वाले उसके दो बेटों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसके दोनों बेटे दिन में उससे मिलने आए थे और पहले से ही बाथरूम में बुर्का रखा गया था। वहीं 24 घंटे बाद भी महिला को पुलिस तलाश नहीं कर पाई है। मामले में दो महिला पुलिसकर्मियों को देर रात निलंबित कर दिया गया था।
फरीदपुर से पाक्सो एक्ट के केस में ममता को दिसंबर में केंद्रीय कारागार दो में भेजा गया था। उसे 31 अगस्त को पेशी पर कोर्ट लाया गया था, यहां तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
पुलिस लाइन में तैनात महिला आरक्षी नूतन सिसौदिया और आरक्षी रिंकू देवी की ड्यूटी ममता की निगरानी में बुधवार सुबह आठ से रात आठ बजे तक थी। नूतन सिसौदिया के मुताबिक ममता शाम करीब 6:35 बजे वार्ड के बाथरूम में नहाने के लिए गई।
इस पर दोनों पुलिसकर्मी बाहर उसके आने का इंतजार करने लगीं लेकिन वह काफी देर तक बाहर नहीं आई। इस दौरान एक महिला बुर्का पहनकर बाहर निकली तो उन्हें लगा कि कोई और महिला होगी लेकिन उसके बाद उन्हें शक हुआ है कि वह महिला ममता थी।
जब ममता की तलाश की तो वह नहीं मिली। महिला से मिलने दिन में उसके दो बेटे भी आए थे लेकिन वह भी गायब हो गए। पुलिस ने सूचना मिलने पर रात में भी ममता की तलाश की।
जिला अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो एक महिला बुर्का पहने जाती भी दिखी। पुलिस जांच में सामने आया कि ममता बाथरूम के अंदर सूट पहनकर गई थी।
उसके किसी स्वजन ने बाथरूम में पहले से ही बुर्का लाकर रख दिया था और फिर वह बाथरूम करने के बहाने गई और बाद में कुछ देर बाद बुर्का पहनकर चली गई। कोतवाली पुलिस ने नूतन के शिकायती पत्र पर ममता और उसके बेटों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।