विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में 80 लाख की साइबर ठगी: पाकिस्तानी आईपी एड्रेस से वॉट्सएप कॉल, डिजिटल अरेस्ट का दिखाया था डर

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:58 PM (IST)

बरेली में एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी से डिजिटल अरेस्ट और मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर 80 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है। 

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी से 80 लाख रुपये की ठगी।

  2. वॉट्सएप कॉल के नंबरों का आईपी एड्रेस पाकिस्तान का।

  3. डिजिटल अरेस्ट और मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाया।

जागरण संवाददाता, बरेली। सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी सुनीला शर्मा को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 80 लाख रुपये की साइबर ठगी की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस जांच में आया कि सुनीला को अलग-अलग चार वॉट्सएप नंबरों से कॉल की गई थी। इन नंबरों का आईपी एड्रेस पाकिस्तान का निकला है।

वहीं, पुलिस ने जिन बिहार, कोलकाता और आगरा के अलग-अलग फर्म के नाम पर खोले गए पांच खातों में 80 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए, उन्हें फ्रीज करा दिया है। इसके अलावा, 20 अन्य खातों को भी फ्रीज कराने लिए बैंकों को भेजा जाएगा। इसके अलावा अन्य खातों के बारे में भी पता किया जा रहा है। इन खातों में पहले भी साइबर ठगी की रकम मंगाई गई है। एनसीआरपी पोर्टल पर ये शिकायतें दर्ज हैं।

घर में अकेली रहने वाली सिविल लाइंस स्टेशन रोड निवासी सुनीला देवी को 26 अक्टूबर को अनजान फोन नंबर से किसी ने कॉल किया कि उनके खाते में मनी लांड्रिंग की रकम आई है। उसने खुद को एटीएस से बताया था और धमकाया कि आनलाइन केस दर्ज हो चुका, अब गिरफ्तारी होगी।

इसके बाद वॉट्सएप पर वीडियो कॉल कर कहने लगा कि यदि बचना है तो रकम लौटा दो। वीडियो कॉल में वह पुलिस की वर्दी में दिखा। वह वीडियो कॉल भी डिस्कनेक्ट नहीं करने दे रहा था कि यदि ऐसा किया तो तुरंत पुलिस पहुंच जाएगी। उसके दबाव में आकर अगले दिन बैंक आफ बड़ौदा के खाते से चेक के जरिये उसके बताए खाता नंबर पर 25.10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद वह वीडियो कॉल पर बना रहा।

कहा कि आपको डिजिटल अरेस्ट किया गया है, समाधान होने तक कॉल पर रहना होगा। उसके कहने पर 29 अक्टूबर को आरटीजीएस से 35.10 लाख, पांच नवंबर को 7.50 लाख, छह नवंबर को 7.05 लाख रुपये ट्रांसफर करने पड़े। वह सिर्फ भोजन व सोने के लिए समय देता था, इसके बाद दोबारा वीडियो कॉल पर आ जाता था।

10 नवंबर तक ठग लगातार वीडियो कॉल पर रहा। इसके बाद 20 नवंबर को दोबारा कॉल आई कि केस फंस गया है, कुछ रुपये और देने होंगे। उसी दोपहर को उसे पांच लाख रुपये ट्रांसफर किए।

21 नवंबर को दैनिक जागरण में खबर पढ़ने के बाद सुनीला ने साइबर थाना में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट कुछ भी नहीं होता है।

लगातार जागरूकता कार्यक्रम के बावजूद लोग फंस जा रहे हैं। अधिकांश इनमें बुजुर्ग हैं। सुनीला को जिन चार वॉट्सएप नंबरों से कॉल आई थीं, उनका आईपी एड्रेस पाकिस्तान का निकला है। पांच खातों को फ्रीज करा दिया है और अन्य खातों को फ्रीज कराया जाएगा।

भाई को भी जेल जाने का दिखाया था डर

80 लाख रुपये ठगने के बाद भी साइबर ठग उनसे 40 लाख रुपये और ठगने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए प्लाट बिकवा रहे थे। ठगों ने उन्हें उनके शिक्षक भाई को भी जेल भेजने की धमकी दी थी। इसके अलावा कहा था कि रकम देने से वह बच गई हैं। उन्हें काफी नुकसान है, ऐसे में उन्हें इन्वेस्ट कराने का झांसा दिया ताकि वह प्लाट बेच सकें।

यह भी पढ़ें- एसएसपी अनुराग आर्य ने बरेली पुलिस में किया फेरबदल: आशुतोष बने बहेड़ी के CO, शिवम को अतिरिक्त प्रभार 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।