विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 दिन तक 'डिजिटल अरेस्ट', रिटायर्ड महिला से ठगे 80 लाख रुपये; एक अखबार की खबर ने ऐसे बचाई आगे की रकम

By Digital DeskEdited By: Anshul Bhartariya
Published: Sat, 28 Nov 2026 07:19 PM (IST)

बरेली में एक सेवानिवृत्त हेल्थ विजिटर को साइबर ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर 15 दिनों तक 'डिजिटल अरेस्ट' कर 80 लाख रुपये ठग लिए। एक अन्य मामले की खबर पढ़ने के बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. साइबर ठगों ने चेक और आरटीजीएस से अपने खातों में पांच बार में डलवाई रकम

जागरण संवाददाता, बरेली। साइबर ठगों ने मनी लान्ड्रिंग का डर दिखाकर बिथरी चैनपुर की सेवानिवृत्त हेल्थ विजिटर को 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट कर 80 लाख रुपये ठग लिए। साइबर ठग आगे भी ठगी के प्रयास में थे लेकिन हकीम खुर्शीद के डिजिटल अरेस्ट होने की खबर दैनिक जागरण में पढ़ने के बाद वह उनके पास पहुंचीं।

इस पर हकीम के मैनेजर ने तुरंत साइबर थाना प्रभारी को सूचना दी। इसके बाद उन्हें थाने में बुलाकर प्राथमिकी दर्ज की गई। सिविल लाइंस स्टेशन रोड निवासी सुनीला शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और अपने घर पर अकेली रहती हैं।

उनके मोबाइल नंबर पर एक महीने पहले 26 अक्टूबर को फोन आया और फोन करने वाले ने कहा कि उनके बैंक खाते में मनी लान्ड्रिंग की रकम आई है और उन्हें जेल जाना पड़ेगा।

इससे वह डर गईं, इसके बाद ठगों ने उनके नंबर पर वाट्सएप काल की और कहा कि उन्हें किसी को जानकारी न देने और घर के अंदर ही रहने को कहा। इस तरह से उन्हें 15 दिनों तक फोन पर ही डरा धमका कर रखा।

ठगों ने 27 अक्टूबर को बैंक आफ बडौदा के खाते से चेक से 25.10 लाख रुपये और 29 अक्टूबर को आरटीजीएस से 35.10 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कराए। इसके बाद छह नवंबर को आरटीजीएस से 7.05 लाख रुपये ट्रांसफर कराए।

ठगों ने उन्हें लगातार जेल भेजने की धमकी देकर पांच नवंबर को एसबीआइ बैंक बैंक खाते से 7.50 लाख रुपये और 20 नवंबर को पांच लाख रुपये ट्रांसफर कराए। इस तरह से उनके 80.02 लाख रुपये ठग लिए।

इसके बाद भी उनके पास फोन आते रहे। उन्होंने कुछ दिन पहले हकीम खुर्शीद के डिजिटल अरेस्ट होने की खबर पढ़ी तो फिर हिम्मत की और शिकायत की। साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम चैट से शादी तक: बरेली की नरगिस बनीं इच्छा देवी, मंदिर में आकाश संग रचाया विवाह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।