विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गाड़ी नहीं है, नहीं आ सकता'... छेड़छाड़ पीड़ित से सिपाही ने बनाया बहाना, बरेली SSP ने तुरंत कर दिया सस्पेंड

Published: Thu, 29 Oct 2026 05:56 PM (IST)

बरेली में छेड़छाड़ की शिकायत पर लापरवाही बरतने और वाहन न होने का बहाना बनाने वाले सिपाही अंकुश खन्ना को ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. महिला की शिकायत के बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए वाहन न होने का बनाया बहाना

जागरण संवाददाता, बरेली। महिला की छेड़छाड़ की शिकायत को गंभीरता से न लेने, आरोपित को पकड़ने के लिए वाहन न होने का बहाना करने पर बहेड़ी थाने के आरक्षी अंकुश खन्ना को एसएसपी अनुराग आर्य ने निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने आरक्षी की विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं और थाना प्रभारी को भी चेतावनी जारी कर जन शिकायतों के निस्तारण ठीक से करने के निर्देश दिए हैं।

डीजीपी ने मंगलवार को जनसुनवाई में लापरवाही पर प्रदेश के नौ जिलों के 10 थाना प्रभारियों को निलंबित कर दिया था। डीजीपी की सख्ती के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने भी जिले में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी ने बुधवार को पांच घंटे की जनसुनवाई की थी। इस दौरान एक महिला ने एसएसपी से शिकायत की कि उसने 23 अक्टूबर को थाने में छेड़छाड़ की शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।

जब उन्होंने सिपाही अंकुश खन्ना से संपर्क किया तो उन्होंने वाहन न होने की वजह से इतनी दूर आने में असमर्थता जताई। इस मामले में एसएसपी ने थाना प्रभारी बहेड़ी दिनेश शर्मा से पूछा तो उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत रजिस्टर में दर्ज की गई थी।

हल्का दारोगा को प्रार्थना पत्र भेजा गया था और दारोगा ने हल्का के सिपाही को आरोपित को पकड़ने को भी कहा था लेकिन सिपाही ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

इस मामले में जांचकर्ता आरक्षी अंकुश खन्ना पर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने और अपने पदीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने के आरोप में एसएसपी ने निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए।

दो थाना प्रभारी लाइन हाजिर, तीन को चेतावनी

एसएसपी ने जनसुनवाई की समीक्षा में सबसे अधिक प्रार्थना पत्र आने वाले शेरगढ़ और बिशारतगंज थानों के प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा किला, शीशगढ़, फतेहगंज पश्चिमी को चेतावनी जारी की है।

वहीं बेहतर कार्य करने वाले भोजीपुरा, सिरौली, नवाबगंज, फतेहगंज पूर्वी के प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा अन्य थाना प्रभारियों को जनसुनवाई बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए हैं।

सप्ताह में तीन दिन अलग-अलग थानों पर सुनवाई करेंगे सीओ

एसएसपी ने सभी सीओ को निर्देश दिए हैं कि वह सप्ताह में तीन दिन अपने सर्किल के अलग-अलग थानों में जाकर जनसुनवाई करेंगे। इसके अलावा जन शिकायत पटल पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा करेंगे और रिपोर्ट बनाकर देंगे ताकि लापरवाही करने वाले थाना प्रभारी व अन्य पर कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें- बरेली नगर निगम: OTS में आवेदन के बाद भी अटकी छूट, 90 दिन में टैक्स नहीं भरा तो बढ़ेगा बकाये का बोझ

यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट में गजब का खेल: पति का नाम 'नामालूम', मकान नंबर 'तिलक कॉलोनी'... बरेली की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी