बरेली कॉलेज विवाद: शिक्षकों के वाहन बैन पर भड़के सांसद-विधायक, प्राचार्य और DM को फोन लगा धरने पर बैठे
बरेली कॉलेज में शिक्षकों के वाहन प्रवेश पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ सांसद और विधायक ने धरने का समर्थन किया। ...और पढ़ें

प्राचार्य कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और विधायक संजीव अग्रवाल
HighLights
21 दिनों से कालेज में चल रहा शिक्षक-कर्मचारी और प्राचार्य के बीच विवाद
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली कालेज में शिक्षकों और कर्मचारियों के वाहनों के प्रवेश को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को उस समय और गरमा गया, जब धरने के समर्थन में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल प्राचार्य कार्यालय के सामने पहुंच गए। दोनों जनप्रतिनिधि शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ दरी पर बैठ गए। शिक्षकों ने जनप्रतिनिधियों को वाहन प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध की जानकारी दी।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने फोन पर प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय से बात की। प्राचार्य ने बताया कि वह एटा में हैं। इस पर सांसद ने उनसे सवाल किया कि शिक्षकों को क्यों परेशान किया जा रहा है।
जवाब में प्राचार्य ने वाहन प्रवेश पर रोक को प्रबंध समिति सचिव देवमूर्ति के आदेश के तहत लागू किए जाने की बात कही। इस पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शिक्षकों के वाहनों पर लगाया गया प्रतिबंध तत्काल वापस लिया जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को कालेज परिसर में अपने वाहनों के प्रवेश को लेकर इस तरह परेशान नहीं किया जाना चाहिए। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भी शिक्षकों की समस्या के समाधान की बात कही।
समाधान नहीं, कल भी देंगे धरना
सांसद ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह से फोन पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी प्रबंध समिति के अध्यक्ष हैं, इसलिए वह इस मामले में स्पष्ट निर्णय लें कि शिक्षकों और कर्मचारियों के वाहन कालेज परिसर में प्रवेश कर सकें।
इसके बाद सोमवार का धरना समाप्त कर दिया गया। हालांकि शिक्षक संघ सचिव प्रो. वीपी सिंह ने कहा कि शाम तक वाहन प्रवेश के संबंध में ठोस निर्णय नहीं हुआ तो मंगलवार को भी प्राचार्य कार्यालय के सामने धरना जारी रखा जाएगा।
