Chaubari Mela 2026: बरेली के ऐतिहासिक मेले में बड़ा बदलाव! अश्लील नृत्य पर लगा बैन, 24 घंटे CCTV से होगी निगरानी
बरेली के ऐतिहासिक चौबारी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसमें सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया ...और पढ़ें

एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह और एसपी चिराग जैन ने चौबारी मेले की तैयारियों का जायजा लिया और चौबारी मेला स्थल पर लग रहे झूले। जागरण
HighLights
घाटों की बैरिकेडिंग, दो एंबुलेंस और चार बेड का बनेगा स्वास्थ्य केंद्र
जागरण संवाददाता, बरेली। रामगंगा के तट पर लगने वाले ऐतिहासिक चौबारी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्तिक मेले को आठ सेक्टर में बांटकर व्यवस्थाएं संचालित की जाएंगी। प्रत्येक सेक्टर में दो-दो मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। उनके साथ पुलिस बल भी रहेगा, जो दिन-रात मेले में भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगा।
24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा। मेले में पेयजल के लिए 125 हैंडपंप लगेंगे। उनकी बोरिंग से लेकर पानी की गुणवत्ता तक की जांच होगी। घाटों पर 100-100 मीटर की दूरी पर 10 सर्च लाइट लगाई जाएंगी।
प्रकाश व्यवस्था के लिए 16 बड़े जनरेटर, 30 केवीए के 30 छोटे और पांच केवीए के 30 जनरेटर की व्यवस्था होगी। घाटों पर एलईडी बल्ब भी लगाए जाएंगे। रामगंगा के दोनों ओर घाटों की बैरिकेडिंग कराई जाएगी।

जिला पंचायत की ओर से पूरे मेला क्षेत्र में वाच टावर और बैरियर बनाए जाएंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी। मेला क्षेत्र को आठ सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती होगी।
वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी। मुख्य द्वार को चौड़ा कराया जाएगा, ताकि आवागमन में दिक्कत न हो। घाटों पर गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी। मेले में चार बेड का अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनेगा।
यहां एक पुरुष और एक महिला चिकित्सक के साथ अन्य स्टाफ तैनात रहेगा। दो एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी। पशुओं के उपचार और टीकाकरण के लिए पशु चिकित्सक व कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी।

सफाई के लिए 80 कर्मचारियों की तैनाती होगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारी भी लगाए जाएंगे। मेला स्थल और रास्तों पर कूड़ेदान रखे जाएंगे। जगह-जगह शौचालय, पेयजल और चाय-पानी केंद्र बनाए जाएंगे।
घाटों पर महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए 10 बूथ तैयार होंगे। पूरे मेले में पालीथिन का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। मेले में दुकानों, झूलों और मनोरंजन के साधनों की दर सूची तैयार कर प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगाई जाएगी।
दुकानदारों से निर्धारित दरों पर ही वसूली होगी। सभी रसीदें जिला प्रशासन से जारी बुकों के माध्यम से काटी जाएंगी। मेले की आय-व्यय का हिसाब भी मेला समाप्ति के 15 दिन के भीतर जमा करना होगा।
सामाजिक संस्थाएं दहेज प्रथा, साक्षरता और पोलियो जैसे विषयों पर जागरुकता कार्यक्रम चलाएंगी। प्रशासन ने डांस पार्टियों और अश्लील नृत्य-नौटंकी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है।
एडीएम प्रशासन और एसपी सिटी ने देखीं व्यवस्थाएं
मेला स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह और एसपी सिटी चिराग जैन चौबारी पहुंचे। उन्होंने स्नान के लिए घाट बनाए जाने और साफ-सफाई व्यवस्था जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से मेला स्थल तक जाने वाली सड़क का जल्द निर्माण करने को कहा। बिजली की व्यवस्था और पुलिस-प्रशासन के कैंप आदि की भी जानकारी ली। मेला समिति के सदस्यों से भी मेला की तैयारियों के संबंध में बातचीत की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।