विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली के चौबारी मेले से विदाई: सिर पर सिलबट्टा, टिन का बक्सा और हाथ में ढोलक लेकर घरों को लौटने लगे ग्रामीण

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:43 PM (IST)

बरेली के चौबारी मेले में मुख्य स्नान पर्व के बाद श्रद्धालु अपने घरों को लौट रहे हैं, अपने साथ गृहस्थी का सामान और मेले की यादें ले जा रहे हैं। हालांकि, दूसरे दिन भी मेले में रौनक बनी हुई है, लोग खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं।

चौबारी मेला से खरीदारी करके ले जाते लोग

चौबारी मेला से खरीदारी करके ले जाते लोग

HighLights

  1. रामगंगा नदी किनारे मुख्य स्नान पर्व के दूसरे दिन भी रही श्रद्घालुओं की भीड़

जागरण संवाददाता, बरेली। चौबारी के ऐतिहासिक मेले में पहुंचे श्रद्घालु मुख्य स्नान पर्व के लिए घर की ओर वापस होने लगे हैं। मेले से वापसी कर रहे लोग अपने साथ गृहस्थी के विभिन्न सामान लेकर लौट रहे हैं। महिलाएं व पुरुष सिर पर सिलबट्टा, टिन का बक्सा, टोकरी जैसे सामान लेकर घर की राह ले रहे हैं।

वहीं किसी के हाथ में खिलौना तो किसी के पास ढोलक है, कोई घोड़े की बागडोर थामे आगे बढ़ा जा रहा है। मेले के विविध रंग चौबारी की पगडंडियों से विभिन्न रास्तों की ओर जाते देखे जा सकते हैं।

25BRC_10_25112026_500

रामगंगा नदी के तट पर स्थित चौबारी गांव में 101वां मेला 20 से 28 नवंबर तक आयोजित किया गया है। ग्रामीण अंचल व शहर को समेटे इस मेले की तैयारियों बीते कई महीनों से चल रही थी।

मुख्य स्नान के पर्व के बाद मेले की रौनक कम होने लगी है। ट्रैक्टर ट्रालियों पर सवार होकर परिवार सहित मेले में पहुंचे ग्रामीण अब वापस घर की राह ले रहे हैं।

25BRC_9_25112026_500

वह अपने साथ मेले से खरीदी गई वस्तुओं को साथ ले जाने की जद्दोजहद में दिख रहे हैं। मेले में सवारी व वाहन नहीं मिलने के चलते लोगों के लिए यही आसान है कि वह अपने सिर पर सामान उठाए हुए हैं।

बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रालियों और अन्य वाहनों से अपने घरों की ओर रवाना हुए। हालांकि इसके बावजूद मेले में दूसरे दिन भी काफी चहल-पहल बनी रही।

25BRC_15_25112026_500

दूर-दराज से आए लोगों ने मेले में भ्रमण कर खरीदारी और मनोरंजन किया। लोगों ने मेले से जरूरी सामान के साथ ही विभिन्न प्रकार के खिलौने, खाद्य सामग्री आदि की खरीदारी की।

दूसरी ओर मेले में रुके श्रद्धालुओं ने दूसरे दिन भी रामगंगा में स्नान किया। सुबह से लेकर शाम तक मेले में काफी भीड़ की स्थिति रही। इसके बाद परिवार के साथ मेले में घूमकर विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद लिया। बच्चों में झूलों और मनोरंजन के अन्य साधनों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

25BRC_18_25112026_500

मुख्य स्नान पर्व के बाद भी मेले की रौनक बरकरार रहने से दुकानदारों और झूला संचालकों को ग्राहकों का इंतजार नहीं करना पड़ा। दुकानदार भी अब लौट रहे लोगों को रस्ते का माल सस्ते में देने की बात कहते हुए अपनी ओर आकर्षित करते रहे।

दिनभर मेले में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी रही। रामगंगा के तट पर धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन और खरीदारी का सिलसिला जारी है।

नखासे में पहुंचते रहे घोड़ों के सौदागर व तमाशबीन

मेले के प्रमुख आकर्षण नखासा में घोड़ों के सौदागर, खरीदार पहुंच रहे हैं। इसके अलावा घोड़ों के लिए लगने वाले इस मेले में घुड़दौड़ देखने वाले तमाशबीनों की संख्या भी कम नहीं रही।

लोग ट्रैक पर दौड़ रहे घोेड़ों को कौतूहल के साथ देखते रहे। संचालक मंडल की ओर से बार-बार उन्हें किनारे हटने व दूर से देखने के लिए कहा जाता है, लेकिन इसका असर ज्यादा देर तक लोगों पर नहीं रहता है। घोड़ों की अनोखी चाल देखने के लिए वह फिर से आगे आ जाते हैं। वहीं दौड़ रहे घोड़ों से बचने के लिए भाग कर दूर भी खड़े होते हैं।

यह भी पढ़ें- 7 साल बाद जेल से बाहर आया बरेली का युवक, पैसे की कमी से अटकी थी जमानत; अनुच्छेद 21 ने दिलाई राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।