Bareilly Chaubari Mela 2026: जानलेवा गड्ढे, धूल और अधूरे घाटों के बीच शुरू होगा ऐतिहासिक चौबारी मेला
ऐतिहासिक चौबारी मेला आज से रामगंगा नदी किनारे शुरू हो रहा है, लेकिन तैयारियां अधूरी हैं। सड़क पर धूल, अधूरे घाट, बैरिकेडिंग और पेयजल व्यवस्था का काम बाकी है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है।

चौबारी मेले में रामगंगा नदी का अनिर्मित घाट। जागरण
HighLights
धूल से भरी सड़क, तैयार नहीं घाट, बैरिकेडिंग और पेयजल व्यवस्था का काम अधूरा
जागरण संवाददाता, बरेली। रामगंगा नदी के किनारे लगने वाला ऐतिहासिक चौबारी मेला 20 नवंबर से शुरू हो जाएगा, लेकिन मेला स्थल पर तैयारियां अभी पूरी नहीं हो सकी हैं। करीब एक महीने से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां किए जाने के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
ऐसे में इस बार भी आधी-अधूरी व्यवस्थाओं के बीच ही मेले की शुरुआत होगी। सबसे ज्यादा परेशानी मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग और रामगंगा घाट पर दिखाई दे रही है। वहीं मेले में झूले, सर्कस आदि लगभग लग चुके हैं।

मेला स्थल की मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क पर रेत और धूल जमा होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। वाहनों के आवागमन के दौरान धूल उड़ने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कैंट से लेकर मेला स्थल तक आने वाले मार्ग पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे हैं, जिन्हें गुरुवार शाम तक भी नहीं भरा जा सका था। वहीं रामगंगा घाट के किनारे जेसीबी से मिट्टी डालकर नदी के किनारों को समतल जरूर किया गया है।

मगर, स्नान के लिए व्यवस्थित घाट अभी तैयार नहीं हो पाया है। ऐसे में श्रद्धालुओं को उबड़-खाबड़ कच्चे घाट पर ही स्नान करना पड़ सकता है। नदी में गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग का काम भी गुरुवार शाम तक पूरा नहीं हो सका था।
इसके अलावा मेला परिसर में पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी होना बाकी थीं। जबकि शुक्रवार से मेले में श्रद्धालुओं और दुकानदारों की आवाजाही बढ़ जाएगी। ऐसे में प्रशासन के सामने समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की चुनौती है।

मौके पर मौजूद तहसीलदार संजय कुमार ने बताया कि बैरिकेडिंग और पेयजल व्यवस्था को लेकर काम कराया जा रहा है। पूरे मेला परिसर में करीब 50 हैंडपाइप नल लगाए जाएंगे। इसके लिए पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
बिजली आपूर्ति के लिए बांस के खंभों के माध्यम से अस्थायी व्यवस्था की जाएगी। घाट के किनारे 25 चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। इन व्यवस्थाओं को पूरा कराने के लिए नायब तहसीलदार प्रभात मिश्रा के साथ राजस्व निरीक्षक और अन्य कर्मचारियों को लगाया गया है।

सभी कार्यों की निगरानी की जा रही है। इसी के साथ मेला स्थल की मुख्य सड़क भी पक्की कराने की बात कही है। मेला प्रबंधन मंडल के सदस्य संजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार को कार्तिक एकादशी के दौरान शाम चार बजे मेले का उद्घाटन हवन व पूजन के साथ किया जाएगा। जिलाधिकारी की मौजूदगी में जिला प्रशासन के शिविर में पूजन के साथ ही मेले का औपचारिक उद्घाटन होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।