विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चौबारी मेले में गूंजी घोड़ों की हिनहिनाहट: 50 हजार से 2 लाख तक कीमत, 'नुकरा' और 'काठियावाड़ी' नस्ल की सबसे ज्यादा डिमांड

Published: Mon, 16 Nov 2026 11:58 AM (IST)

बरेली के चौबारी मेले में घोड़ों का बाजार सज गया है, जहां देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारी अच्छी नस्ल ...और पढ़ें

रामगंगा चौबारी मेले में लगने लगा नखासा बटेसर के घोड़े पहुंचे। जागरण

रामगंगा चौबारी मेले में लगने लगा नखासा बटेसर के घोड़े पहुंचे। जागरण

मनीस पांडेय, बरेली। रामगंगा नदी के किनारे लगने वाले चौबारी मेले में नखासा यानी घोड़ों का बाजार सजने लगा है। यहां देश के विभिन्न राज्यों से अच्छी नस्ल के घोड़ों की खरीद-फरोख्त होती है। मेले में घोड़े लेकर व्यापारी पहुंचने लगे हैं, वहीं खरीदार भी उनकी नस्ल, रंग और विशेषताओं को परखने के लिए पहुंच रहे हैं।

अभी तक आगरा और बदायूं समेत आसपास के जिलों से घोड़े पहुंचे हैं। आने वाले दिनों में राजस्थान सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में घोड़ों के पहुंचने की उम्मीद है।

मेले में घोड़ों की हिनहिनाहट से नखासा गुलजार होने लगा है। घोड़ों के शौकीन लोग उनके आसपास पहुंचकर उनकी चाल, कद-काठी और नस्ल की जानकारी ले रहे हैं।

मेला शुरू होने के बाद यहां घुड़दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसका लोगों को इंतजार रहता है। आगरा जिले के बटेशर से आए घोड़ा व्यापारी मो. नईम ने बताया कि उनके पास काठियावाड़ी, मारवाड़ी और सिंध के घोड़े हैं।

इनकी कीमत 50 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक है। इनमें नुकरा यानी सफेद रंग के घोड़े को खरीदार सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घोड़ों की नस्ल और उनकी शारीरिक बनावट के अनुसार कीमत तय होती है।

बरेली के सुभाष नगर निवासी टेकचंद प्रजापति भी घोड़ों की खरीद-फरोख्त के लिए नखासा बाजार पहुंचे। उन्होंने बताया कि घोड़ों की कई प्रजातियां और रंग होते हैं।

इनमें अबलक यानी काला-सफेद, गर्रा यानी नीला, लाल चंपा और पचकलान जैसी किस्में शामिल हैं। खरीदार इनकी बनावट और रंग के आधार पर पसंद करते हैं। बदायूं से आए व्यापारी मो. वारिस ने बताया कि अभी मेले में घोड़ों की संख्या कम है।

राजस्थान के पुष्कर मेले के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी यहां पहुंचेंगे। इससे नखासा में रौनक बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि यहां सैकड़ों की संख्या में विभिन्न नस्लों के घोड़ों की खरीद-फरोख्त होती है।

यह भी पढ़ें- बरेली में बदला चुनावी समीकरण! नया वोटर बनने की रेस में महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ा, देखें 9 सीटों का पूरा गणित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।