बरेली: 26 हिंदू वोटरों के नाम काटे, BLO नफीस खां निलंबित; पूर्व प्रधान रेहान खां से मिलीभगत का आरोप
बरेली के मोहम्मदपुर में 26 हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के आरोप में बीएलओ नफीस मोहम्मद खां ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
15 दिन में मांगी गई विस्तृत जांच रिपोर्ट
जागरण संवाददाता, बरेली। शेरगढ़ ब्लाक की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर में 26 हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटने के मामले में बीएलओ एवं सहायक अध्यापक नफीस मोहम्मद खां को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि उन्होंने पूर्व प्रधान से मिलीभगत कर सांप्रदायिक दुर्भावना के चलते मतदाताओं के नाम हटाए।
ग्रामीणों और वर्तमान प्रधान की शिकायत पर हुई जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितता सामने आने के बाद बीएसए डाॅ. विनीता ने निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में उन्हें मीरगंज ब्लाॅक के कंपोजिट स्कूल सहसा से संबद्ध किया गया है।
मोहम्मदपुर के वर्तमान प्रधान राहुल गंगवार ने इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। आरोप लगाया कि कंपोजिट स्कूल मोहम्मदपुर में तैनात बीएलओ नफीस खां ने पूर्व प्रधान रेहान खां से साठगांठ कर हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से हटाए।
वेद प्रकाश, हेमकली, ललिता देवी, राकेश और ढाकन लाल समेत कई ग्रामीणों ने शपथपत्र देकर शिकायत की पुष्टि की। मामले की जांच एसडीएम और बीडीओ स्तर से गठित त्रिसदस्यीय कमेटी ने की।
जांच के दौरान बीएलओ 26 मतदाताओं के नाम हटाने के संबंध में कोई ठोस साक्ष्य या वैध कारण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद बीएसए ने उन्हें निलंबित कर दिया।
विभागीय जांच के लिए बीईओ फतेहगंज पश्चिमी भानु शंकर गंगवार को जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्हें 15 दिन में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि मामले में सांप्रदायिक द्वेष समेत सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि नाम जानबूझकर काटे गए या तकनीकी चूक हुई। यदि साजिशन और दुर्भावनावश नाम काटने की पुष्टि हुई तो कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।