बरेली-बीसलपुर मार्ग पर देर रात 'मौत' बनकर आई बस, ओवरटेक के चक्कर में 2 नेपाली नागरिकों की गई जान
बरेली-बीसलपुर मार्ग पर ओवरटेक के चक्कर में बस और दो कारों की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें नेपाल के दो नागरिकों की जान चली गई और चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच में जुटी है।

एआई इमेज
HighLights
एक बस और दो कारें आपस में टकराईं, चार लोग घायल
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर रविवार देर रात भुता क्षेत्र में अहरौला के पास ओवरटेक करने के चक्कर में बस और दो कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में कार सवार दो नेपाली नागरिकों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने वाहनों में फंसे घायलों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12:20 बजे एक बस बरेली से बीसलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बीसलपुर की तरफ से एक अर्टिगा कार बरेली की ओर आ रही थी, जबकि उसके पीछे एक अन्य कार चल रही थी।
अहिरोला चौराहे के पास बस चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी बीच सामने से आ रही दोनों कारों से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में दोनों कारों में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे में अर्टिगा कार में सवार नेपाल के बाजुरा जिले के निवासी अर्जुन कामी और चेतराज की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, कार चला रहे दिल बहादुर राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी कार में सवार तीन अन्य लोगों को भी चोटें आईं। दूसरी कार में सवार दो लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- बरेली में बनेंगे 3 नए बस कॉरिडोर, हर 500 मीटर पर मिलेगा स्टॉप; एयरपोर्ट से जंक्शन तक दौड़ेंगी 370 बसें