बरेली में 2 लाख की लूट का खुलासा: दोस्त ही निकला मास्टरमाइंड, एनकाउंटर के बाद 3 गिरफ्तार
बरेली के भोजीपुरा में हुई दो लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुठभेड़ के बाद ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, बरेली। भोजीपुरा में बैंक से दो लाख रुपये निकालकर दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक से हुई लूट का पुलिस ने राजफाश कर दिया। पुलिस में मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया, एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने लूटी गई पूरी दो लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रतना चुन्नीलाल निवासी उवैश शुक्रवार को अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से दो लाख रुपये निकालकर बाइक से गांव लौट रहा था।
रास्ते में अलीनगर से खड़ंजे पर एक ट्यूबवेल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे गिरा दिया और बैग में रखे दो लाख रुपये लूटकर लाडपुर की तरफ भाग गए। उवैश ने दोस्त पर शक जताते भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
शनिवार को पुलिस टीम लूट के आरोपितों की तलाश में थी। इसी दौरान मनहेरा पुलिया के पास तीन बाइक सवार संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में रामपुर के खजुरिया खुर्द निवासी एहसान अली के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसके साथी शीशगढ़ के सराय गांव निवासी विनीत गंगवार और भोजीपुरा के रतना चुन्नीलाल निवासी मोनिश अली को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने एहसान के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल और एक लाख रुपये बरामद किए। जबकि विनीत और मोनिश के पास से 50-50 हजार रुपये और मोबाइल मिले।
वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई है। मुठभेड़ के दौरान आरक्षी अंकित कुमार के बाएं बाजू में गोली की रगड़ लगने से चोट आई। घायल बदमाश और सिपाही को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।