विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

17 घंटे चला बीडीए का मैराथन ऑक्शन: 1.41 लाख प्रति वर्गमीटर तक पहुंची बोली, 120 करोड़ के बिके प्लॉट

Published: Wed, 04 Nov 2026 10:32 PM (IST)

बीडीए की 17 घंटे चली मैराथन नीलामी में 106 आवासीय और व्यावसायिक भूखंड 120.77 करोड़ रुपये में बिके। व्यावसायिक भूखंडों ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. बीडीए कार्यालय में दोपहर 12 बजे शुरू हुई नीलामी अगले दिन सुबह पांच बजे तक चली

  2. 106 आवासीय-व्यावसायिक भूखंडों के लिए खरीदारों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

जागरण संवाददाता, बरेली। दोपहर के 12 बजे थे… बीडीए के भूखंडों की बोली शुरू हुई तो खरीदारों ने दाम बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दिन ढला, रात बीती, लेकिन बोली लगाने वालों का उत्साह कम नहीं हुआ। एक के बाद एक भूखंड पर कीमत चढ़ती रही। आखिरकार अगले दिन सुबह पांच बजे नीलामी की प्रक्रिया पूरी हुई तो व्यावसायिक भूखंड की बोली 1.41 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर तक पहुंच चुकी थी।

आवासीय भूखंड के लिए भी 90,700 रुपये प्रति वर्गमीटर तक बोली लगी। 106 भूखंडों के लिए चली इस मैराथन लाटरी में व्यक्तिगत खरीदारों से लेकर बिल्डर और कारोबारी फर्मों तक ने भागीदारी की।

बीडीए की मंगलवार काे हुई नीलामी में व्यावसायिक श्रेणी के 48 और आवासीय श्रेणी के 58 भूखंड शामिल रहे। व्यावसायिक श्रेणी में ग्रेटर बरेली के 25 वर्गमीटर के भूखंड संख्या-13 के लिए कुलदीप सिंह ने 1,41,000 रुपये प्रति वर्गमीटर की सबसे ऊंची बोली लगाई।

वहीं आवासीय श्रेणी में नर्मदा इंक्लेव के 80 वर्गमीटर के भूखंड संख्या-54 के लिए अनुज यादव ने 90,700 रुपये प्रति वर्गमीटर की बोली लगाकर सबसे ऊंची दर दर्ज कराई।

बड़े भूखंडों पर भी करोड़ों की बोली लगी। व्यावसायिक श्रेणी में ग्रेटर बरेली के 532.45 वर्गमीटर के भूखंड संख्या चार के लिए मुकुल अग्रवाल ने 73,800 रुपये प्रति वर्गमीटर की बोली लगाई।

12 प्रतिशत फ्रीहोल्ड शुल्क समेत इसकी कीमत 4.40 करोड़ रुपये पहुंच गई। आवासीय श्रेणी में सेक्टर दो के 539.70 वर्गमीटर के नर्सिंग होम भूखंड के लिए अनिल कुमार और ज्ञान प्रकाश ने 80,100 रुपये प्रति वर्गमीटर की बोली लगाई।

इसकी कुल कीमत 4.84 करोड़ हुई। नीलामी में व्यावसायिक भूखंडों का कुल मूल्य फ्रीहोल्ड शुल्क समेत 52.22 करोड़ और आवासीय भूखंडों का 68.55 करोड़ रुपये रहा।

इस तरह 106 भूखंडों का कुल मूल्य 120.77 करोड़ रुपये पहुंच गया। व्यक्तिगत खरीदारों की भागीदारी के साथ बिल्डरों और निर्माण कंपनियों की मौजूदगी ने नीलामी को प्रतिस्पर्धी बनाया।

इस दौरान बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय संयुक्त सचिव दीपक कुमार, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी शिवधनी सिंह यादव समेत अन्य अधिकारियों के साथ पूरे नीलामी प्रक्रिया पूर्ण होने तक मौजूद रहीं।

 

नीलामी में खरीदारों की उत्साहजनक भागीदारी प्राधिकरण की योजनाओं और विकसित हो रही टाउनशिप के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। बीडीए का प्रयास है कि लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त नियोजित आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र उपलब्ध कराए जाएं। इससे शहर के सुनियोजित विकास को गति मिलेगी।

- सौम्या पांडेय, उपाध्यक्ष, बीडीए


यह भी पढ़ें- बरेली: 26 हिंदू वोटरों के नाम काटे, BLO नफीस खां निलंबित; पूर्व प्रधान रेहान खां से मिलीभगत का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।