सावधान! प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों से खतरे में जान: नगर निगम अनजान, बिना रजिस्ट्रेशन पल रहे खतरनाक श्वान
बरेली में प्रतिबंधित नस्ल के पालतू कुत्तों का पंजीकरण बेहद कम है, जिससे आमजन की जान को खतरा बना हुआ ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
पिटबुल, राटविलर और डोगो अर्जेंटीनो जैसी नस्लों को लेकर चिंता, जिम्मेदार बने अनजान
जागरण संवाददाता, बरेली। घर की सुरक्षा और शौक के नाम पर पाले जा रहे पालतू कुत्तों (श्वान) की निगरानी का इंतजाम ही कमजोर है। खूंखार मानी जाने वाली नस्लों के कुत्ते नियमों को ताक पर रख पाले जा रहे हैं। मगर, उनके मालिकों का पूरा ब्योरा और नस्लवार रिकार्ड जिम्मेदार विभागों के पास नहीं है। नगर निगम के रिकार्ड में पांच नवंबर तक 407 पालतू कुत्ते ही पंजीकृत हैं।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पंजीकरण कुत्ते पालने वालों की पहचान और जोखिम वाली नस्लों की निगरानी बड़ी चुनौती है। शहर में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत, पशुपालन विभाग और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है।
शहर में निगम, गांवों में पंचायत और पशुपालन विभाग जिम्मेदार
शहर में पालतू कुत्तों का पंजीकरण, मालिकों का विवरण और स्थानीय नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इसके बावजूद रिकार्ड में केवल 407 कुत्तों का पंजीकरण होना व्यवस्था की पहुंच पर सवाल खड़ा करता है।
दूसरी ओर, ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत, पशुपालन विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय बनाकर निगरानी करनी होती है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से नस्ल की पहचान, पशु चिकित्सा और प्रजनन संबंधी मामलों पर कार्रवाई की जा सकती है मगर, शिकायत मिलने के बाद भी संबंधित जिम्मेदार और प्रशासन पूरी तरह मूकदर्शक बने हुए हैं।
इन नस्लों को लेकर जारी हुआ था प्रतिबंध संबंधी निर्देश
शासन ने मार्च-2024 में पिटबुल टेरियर, टोसा इनु, अमेरिकन स्टैफर्डशायर टेरियर, फिला ब्रासीलेरो, डोगो अर्जेंटीनो, अमेरिकन बुलडाग, बोअरबोएल, कंगल, सेंट्रल एशियन शेफर्ड, काकेशियन शेफर्ड, साउथ रशियन शेफर्ड, टोर्नजैक, सारप्लानिनैक, जापानी टोसा, अकिता, मास्टिफ, राटविलर, टेरियर, रोडेशियन रिजबैक, वुल्फ डाग, कैनारियो, अकबाश, मास्को गार्ड डाग, केन कार्सो और बैंडाग जैसी नस्लों और उनकी मिश्रित नस्लों को लेकर प्रतिबंध के निर्देश जारी किए थे।
लापरवाही पर जुर्माना संग विधिक कार्रवाई का प्रविधान
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डा. हरपाल सिंह के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर पालतू कुत्ते को खुला छोड़ना, बिना नियंत्रण टहलाना और सुरक्षा के इंतजाम नहीं करना दूसरों के लिए खतरा बन सकता है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए ऐसी स्थिति विशेष रूप से जोखिम भरी है।
श्वान के हमले में घायल व्यक्ति के उपचार और मुआवजे की जिम्मेदारी भी संबंधित कानूनों के तहत मालिक पर आ सकती है। ऐसी स्थिति में एक से 10 हजार तक जुर्माना के साथ एफआइआर भी कराने का प्रविधान है।
यह भी पढ़ें- बरेली में चौबारी पर बनेगा नया ई-बस अड्डा, 25 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए शासन को भेजी गई DPR
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।