विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली: चीनी मिल खरीदने का दावा निकला हवा! 55 करोड़ का चेक बाउंस, अब इस तारीख को होगी नीलामी

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:45 PM (GMT+05:30)

बहेड़ी चीनी मिल को खरीदने का दावा करने वाले अवध ग्रुप का 55 करोड़ रुपये का चेक बाउंस हो गया ...और पढ़ें

केसर शुगर मिल

केसर शुगर मिल

HighLights

  1. पिछले महीने भी नीलामी की तारीख तय हुई थी, चेक मिलने पर टाली गई थी

जागरण संवाददाता, बरेली। केसर चीनी मिल, बहेड़ी के नए पेराई सत्र में चल पाने की संभावना क्षीण होने लगी है। वजह, चीनी मिल खरीदने का दावा करने वाले सहारनपुर के अवध ग्रुप के चेयरमैन की ओर से बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के लिए 55 करोड़ और कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए 11 करोड़ रुपये का दिया गया चेक बाउंस हो चुका है।

इसी चेक की वजह से जिला प्रशासन ने चीनी मिल की कुर्क संपत्ति की नीलामी टाल दी थी। चेक बाउंस हो जाने के बाद गुरुवार को हुई मूल्यांकन समिति की बैठक के बाद 24 अक्टूबर को कुर्क जमीन की नीलामी की तिथि तय की गई है।

चीनी मिल पर किसानों का 165 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। प्रशासन ने किसानों को भुगतान दिलाने के लिए विगत 31 मई को चीनी मिल की 11.447 हेक्टेयर जमीन 28.05 करोड़ रुपये में नीलाम भी कराई थी।

मगर, कम कीमत में नीलामी का मुद्दा उठने के बाद नीलामी निरस्त कर दी गई थी। नए सर्किल रेट के आधार पर दोबारा नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, पिछले 25 सितंबर को नीलामी की तारीख भी तय हुई थी, लेकिन इसी बीच मिल का सौदा 431 करोड़ में हो गया।

चीनी मिल खरीदने वाले फिरोजाबाद के अवध ग्रुप के चेयरमैन ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने के लिए 55 करोड़ रुपये और चीनी मिल कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए 11 करोड़ रुपये का चेक भी दिया था।

आश्वस्त किया था कि चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू होने से पहले बकाया पूरा भुगतान कर देंगे। उन्हीं के आग्रह पर नीलामी टाल दी गई थी। किसानों को जल्द भुगतान मिलने के साथ सीजन में चीनी मिल चलने की भी उम्मीद जग गई थी।

चेक बाउंस हो जाने पर चीनी मिल के कर्मचारियों से लेकर प्रशासनिक हलके में भी खलबली मच गई, किसानों की उम्मीदें भी धूमिल होती दिखने लगी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मूल्यांकन समिति की बैठक बुलाकर वर्तमान स्थिति पर चर्चा की।

सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कुर्क की गई चीनी मिल की जमीन की नीलामी 24 अक्टूबर को कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इसका व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाए।

जिससे अधिक से अधिक बोलीदाता शामिल हों और अच्छी कीमत में जमीन की नीलामी हो सके। उन्होंने बताया कि मिल प्रबंधन के अनुरोध और किसानों के भुगतान को देखते हुए मूल्यांकन समिति से वार्ता कर मिल की संपत्ति की नीलामी की तारीख तय कर दी है। जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी ने बताया कि नीलामी की तारीख तय हो गई है, बहेड़ी तहसील प्रशासन नीलामी कराएगा।

नवाबगंज चीनी मिल की 22 को नीलामी

ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड, नवाबगंज चीनी मिल का 180 करोड़ रुपये मूल्यांकन कराया जा चुका है। जिला प्रशासन ने 22 अक्टूबर को चीनी मिल की नीलामी की तारीख पहले से ही घोषित कर रखी है।

पिछले दिनों प्रशासन ने चीनी मिल पर अपना ताला लगाकर उसमें मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकलवा दिया था। जिलाधिकारी ने एसडीएम नवाबगंज को मिल की नीलामी का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- 8वीं पास बना 'फर्जी डॉक्टर': FB और INSTA पर विज्ञापन देकर बेच रहा था नकली दवाएं, बरेली में कॉल सेंटर पर छापा