विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bareilly: शादी से 5 दिन पहले मातम, खाटू श्याम के दर्शन करने जा रहे दूल्हे और दोस्त की हाईवे पर मौत

Published: Sat, 21 Nov 2026 12:31 AM (IST)

उत्तराखंड से बरेली के मनौना जा रहे बैंक कर्मी विकास और उनके दोस्त पीयूष की शादी से पांच दिन पहले सड़क हादसे में मौत हो गई। मीरगंज फ्लाईओवर पर एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे विकास की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. दोनों युवकों के हेलमेट चकनाचूर, सबसे पीछे बैठे युवक का चल रहा उपचार

जागरण संवाददाता, बरेली। शादी से पांच दिन पहले धार्मिक यात्रा पर निकले बैंक के फाइनेंस कर्मी व दोस्त की हादसे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। वे तीनों लोग बाइक से उत्तराखंड से मनौना गांव के खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे। गुरुवार रात को बरेली-दिल्ली हाईवे पर किसी वाहन ने उनकी बाइक रौंद दी।

इस हादसे ने शादी वाले घर की खुशियां छीन लीं। कुछ घंटे पहले तक स्वजन शादी की तैयारियों में लगे थे, वे शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पर बिलखते दिखे।

उत्तराखंड के रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप स्थित कृष्णानगर निवासी फाइनेंस कर्मी विकास कुमार की शादी 25 नवंबर को होनी थी। स्वजन ने बताया कि समारोह के निमंत्रण आदि बांटे जा रहे थे, बाजार से खरीदारी की जा रही थी।

इस बीच विकास ने इच्छा जताई कि बरेली के मनौना स्थित मंदिर में खाटू श्याम के दर्शन करने हैं। इसके लिए वह गुरुवार देर शाम दोस्त पीयूष व प्रिंस के साथ बाइक से मनौना के लिए चल दिए।

पुलिस के अनुसार, बाइक चला रहे विकास व उनके पीछे बैठे पीयूष हेलमेट लगाए थे। प्रिंस सबसे पीछे बैठे थे। रात 12 बजे उनकी बाइक मीरगंज में फ्लाईओवर पर पहुंची थी। उसी दौरान पीछे से आए वाहन ने उनकी बाइक कुचल दी।

अन्य वाहन सवारों की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां चिकित्सकों ने विकास और पीयूष को मृत घोषित कर दिया। घायल प्रिंस का बरेली के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे में तीनों युवक छिटककर दूर जा गिरे थे।

विकास व पीयूष ने हेलमेट लगाया था, जो चकनाचूर हो गया। संभव है कि हेलमेट अच्छी गुणवत्ता का नहीं रहा हो। प्रिंस के पिता जमाल उन्हें देखने जिला अस्पताल पहुंचे। दोस्तों की जिद पर वह प्रिंस भी साथ चल दिए थे।

तीनों युवक कई किमी का रास्ता तय करके मीरगंज तक आ गए, मगर किसी थाना-चौकी पर तीन सवारी देखकर रोका नहीं गया। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि विकास की 25 नवंबर को शादी होनी थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से टक्कर मारने वाले वाहन का पता किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- 28 साल बाद बदला बरेली आरटीओ का ठिकाना: एक ही छत के नीचे होंगे सभी काम, लाइसेंस टेस्ट से पहले मिलेगी यह खास ट्रेनिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।