बरेली में 25 हजार का इनामी हत्यारोपी सोनू कश्यप गिरफ्तार, 18 माह से था फरार; चाकू से गोदकर की थी हत्या
बरेली के सुभाषनगर में 18 माह से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी हत्यारोपी सोनू कश्यप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

HighLights
18 माह से फरार 25 हजार का इनामी हत्यारोपी सोनू कश्यप गिरफ्तार।
आरोपी सोनू कश्यप ने साथियों संग मिलकर चाकू से की थी हत्या।
पुलिस ने रामगंगा तिराहे से दबोचा, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद।
जागरण संवाददाता, बरेली। सुभाषनगर पुलिस ने युवक की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में मुकदमे में 18 माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सोनू कश्यप उर्फ फुन्नू उर्फ मुन्नू निवासी वंशीनगला नई बस्ती, थाना सुभाषनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी 2025 को सोनू कश्यप और उसके साथियों ने सोनू उर्फ विकास पुत्र श्याम सिंह पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपित सोनू कश्यप समेत अन्य के नाम सामने आए। पुलिस ने अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन सोनू कश्यप लगातार फरार चल रहा था।
फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 22 सितंबर को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। रविवार रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपित रामगंगा तिराहे के पास मौजूद है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला घटना में शामिल होना
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कई वर्षों से वंशीनगला नई बस्ती में किराये पर रह रहा था। उसके साथ सोनू उर्फ विकास, प्रेमपाल, मिथुन, भीमा और देवेंद्र भी थे। आरोपित के अनुसार, घटना वाले दिन प्रेमपाल के कहने पर वह अन्य साथियों के साथ सोनू उर्फ विकास के पास पहुंचा था। वहां विवाद के बाद मारपीट हुई और चाकू से हमला किया गया।
