विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहेड़ी चीनी मिल की जमीन 41 करोड़ में नीलाम: 70 राउंड के बाद इस कंपनी ने मारी बाजी, 5 महीने पहले 28 करोड़ लगी थी बोली

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:00 PM (IST)

बहेड़ी चीनी मिल की कुर्क जमीन 41.05 करोड़ रुपये में नीलाम हुई, जिसमें एएनजी इंफ्रा इंजीनियर्स ने सर्वाधिक बोली लगाई। ...और पढ़ें

बहेड़ी शुगर मिल

बहेड़ी शुगर मिल

HighLights

  1. 70 राउंड में पूरी हो सकी नीलामी, एएनजी इंफ्रा इंजीनियर्स ने लगाई सर्वाधिक बोली

  2. अभी 109.62 करोड़ गन्ना मूल्य बकाया, मिल की दूसरी संपत्तियां भी होंगी नीलाम

संवाद सहयोगी, बहेड़ी (बरेली)। किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने के लिए केसर चीनी मिल की कुर्क जमीन मंगलवार को 41.05 करोड़ में नीलाम हो गई। यही जमीन पांच माह पहले 28.05 करोड़ में नीलाम हुई थी। तब जागरण ने भ्रष्टाचार और साठगांठ के चलते कम कीमत पर नीलामी का मुद्दा उठाया था, जिसके फलस्वरूप नीलामी निरस्त हो गई थी।

अब 13 करोड़ अधिक मूल्य पर नीलामी हुई है, लेकिन सवाल उठ रहा है कि नीलामी में महज चार कंपनियों ने ही हिस्सा क्यों लिया। आनलाइन नीलामी कराई गई होती तो शायद जमीन की कीमत और बढ़कर मिल सकती थी।

चीनी मिल पर किसानों का दो साल का 162 करोड़ गन्ना मूल्य बकाया था। पिछले महीने मिल प्रबंधन ने 11.33 करोड़ का भुगतान किया है। अब भी 150 करोड़ अवशेष है। जिला प्रशासन मिल की कुर्क की गई 11.443 हेक्टेयर जमीन को छह महीने से नीलाम कराने की कोशिश कर रहा था।

मंगलवार को तहसील सभागार में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, एसडीएम गोपाल शर्मा, नीलामी अधिकारी तहसीलदार वीरपाल सिंह, जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी, केसर मिल के अधिकारी, गन्ना समिति सचिव राजीव सेठ के अलावा कई किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नीलामी की प्रक्रिया शुरू हुई।

कुर्क की गई मुंडिया मुकर्रमपुर स्थित केसर मिल की 11.443 हेक्टेयर जमीन की न्यूनतम दर नए सर्किल रेट के आधार पर न्यूनतम बोली 35 करोड़ रुपये तय की गई थी।

बरेली की एएनजी इंफ्रा इंजीनियर्स, पिंगाक्ष इंफ्रांस्ट्रक्चर, शारदा एग्री तथा एक्सपीडिएंट लाइफ रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों ने निर्धारित 10 प्रतिशत का डिमांड ड्राफ्ट तथा अन्य प्रपत्र जमा कर नीलामी में हिस्सा लिया।

पिंगाक्ष इंफ्रांस्ट्रक्चर और एक्सपीडिएंट लाइफ रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड शुरुआती दौर में ही प्रतिस्पर्धा से बाहर हो गईं। एएनजी इंफ्रा इंजीनियर्स और शारदा एग्री के बीच लंबी प्रतिस्पर्धा चली।

70 राउंड में बोली की रकम 40.7 करोड़ से आगे बढ़ते ही प्रतिद्वंद्वी शारदा एग्री ने हाथ खड़े कर दिए और फिर फाइनल बाजी 41.05 करोड़ में एएनजी इंफ्रा इंजीनियर्स के हक में चली गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।

पिछले 25 सितंबर को नीलामी की तारीख लगी थी, इसी बीच मिल का सौदा 431 करोड़ में हो गया। चीनी मिल खरीदने वाले फिरोजाबाद के अवध ग्रुप के चेयरमैन ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने के लिए 55 करोड़ रुपये और चीनी मिल कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए 11 करोड़ रुपये का चेक भी दिया था।

आश्वस्त किया था कि चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू होने से पहले बकाया पूरा भुगतान कर देंगे, लेकिन दोनों चेक बाउंस हो जाने से मिल बिक्री की संभावना खत्म हो गई।

प्रशासन ने पिछले महीने 24 अक्टूबर को नीलामी कराई, जिसमें तीन बोलीदाताओं के चेक लेकर पहुंचने के कारण नीलामी नहीं हो सकी थी। नीलामी अधिकारी एवं एसडीएम गोपाल शर्मा ने बताया कि संबंधित फर्म द्वारा नीलामी रकम का 10 प्रतिशत का डीडी प्रशासन को प्राप्त हो गया है।

अभी 25 प्रतिशत और कल तक प्राप्त हो जाएगा। उसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर फाइल मंडलायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद उनके आदेश के बाद नीलामी के भुगतान की रकम गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए भेजी जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी के अनुसार भुगतान के वरीयता क्रम में लगे किसानों के खातों में भेजी जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली पुलिस के एक्शन से बिलबिलाया पाकिस्तानी गैंगस्टर, टूटा फोन और फटी चप्पल दिखाकर बोला- मैं तो दिहाड़ी मजदूर हूं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।