बदायूं: सिपाही बाहर रस्सी पकड़े खड़ा रहा, टॉयलेट के रोशनदान से हथकड़ी संग फरार हुआ चोर
बदायूं के जरीफनगर थाने में सिलेंडर चोरी का आरोपी मिथुन उर्फ टिकाऊ शौचालय के रोशनदान से कूदकर फरार हो गया। ...और पढ़ें

आरोपित मिथुन उर्फ टिकाऊ
HighLights
सिलिंडर चोरी के मामले में दर्ज प्राथमिकी में लाया गया था आरोपित, रोशनदान से लगाई छलांग
शौच के बहाने सिपाही के साथ गया था, काफी देर तक बाहर नहीं आने पर खुला फरारी का राज
जागरण संवाददाता, बदायूं। जरीफनगर थाने में पुलिस की निगरानी में बैठा चोरी का आरोपित शौचालय के रोशनदान से कूदकर फरार हो गया। आरोपित ने पहले हथकड़ी में बंधी रस्सी की सिलाई काटी और फिर बिना जंगले वाले रोशनदान से निकलकर पुलिस को चकमा दे गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर सिपाही को शक हुआ।
रस्सी खींची तो वह हथकड़ी से अलग होकर बाहर आ गई। इसके बाद शौचालय का दरवाजा तोड़ा गया तो आरोपित वहां नहीं मिला। इसके बाद से थाना पुलिस आरोपित की तलाश में चकरघिन्नी बनी हुई है।
जरीफनगर क्षेत्र के दहगवां चौराहे पर सपा नेता लड्डन मियां के पेट्रोल पंप की रसोई से दहगवां के वार्ड एक निवासी मिथुन उर्फ टिकाऊ ने सिलिंडर चोरी कर लिया था। चोरी के बाद वह सिलिंडर खेत में फेंक दिया।
उसकी यह करतूत पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में पेट्रोल पंप मैनेजर महिपाल ने शुक्रवार दोपहर जरीफनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
इसके बाद पुलिस मिथुन उर्फ टिकाऊ को पकड़कर थाने ले आई थी। पुलिस आरोपित को थाने में दाखिल किए बिना तस्करा डालकर उससे पूछताछ कर रही थी।
शुक्रवार शाम करीब आठ बजे उसने शौच जाने की बात कही। इस पर एक सिपाही उसे हथकड़ी लगाकर शौचालय तक ले गया। आरोपित अंदर चला गया, जबकि सिपाही हथकड़ी से बंधी रस्सी पकड़े बाहर खड़ा रहा।
इसी दौरान मिथुन ने रस्सी की सिलाई काटकर खुद को अलग कर लिया और शौचालय के ऐसे रोशनदान से बाहर निकल गया, जिसमें जंगला नहीं लगा था। काफी देर तक आरोपित बाहर नहीं आया तो सिपाही ने आवाज लगाई।
कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने रस्सी खींची तो वह आसानी से बाहर आ गई। हथकड़ी गायब देखकर सिपाही के होश उड़ गए। शोर मचाने के बाद शौचालय का दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन अंदर आरोपित नहीं मिला।
इस संबंध में एसपी देहात डाॅ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि चोरी के आरोपित को जरीफनगर थाने लाया गया था, लेकिन उसे दाखिल नहीं किया था। तस्करा डालकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी। आरोपित की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।